प्रत्येक माह में दोनों पक्षों की ग्यारहवीं तिथि को एकादशी का व्रत किया जाता है। हर एकदशी तिथि भगवान विष्णु को समर्पित होती है। मान्यता है कि जो मनुष्य प्रत्येक एकादशी का व्रत नियम और निष्ठा के साथ करता है, वह अपने जीवन में सभी सुखों को भोगता हुआ मोक्ष को प्राप्त होता है। सनातन धर्म में एकदशी व्रत को सभी व्रतों में श्रेष्ठ बताया गया है। हिंदू पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष मास में कृष्ण पक्ष में पड़ने वाली एकादशी तिथि को उत्पन्ना एकादशी के नाम से जाना जाता है। इस बार उत्पन्ना एकादशी 30 नवंबर 2021 दिन मंगलवार को पड़ रही है। प्रत्येक एकादशी के समान इस एकादशी का भी बहुत महत्व माना गया है। तो चलिए जानते हैं उत्पन्ना एकादशी शुभ मुहुर्त, महत्व व पूजन विधि।