Paush Putrada Ekadashi 2025 Upay: हिंदू धर्म में एकादशी व्रत का विशेष महत्व है। दरअसल, सालभर में कुल 24 एकादशियां आती हैं। हर एकादशी का अपना अलग महत्व होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, पौष माह में आने वाली एकादशी को पौष पुत्रदा एकादशी कहा जाता है। संतान सुख की इच्छा रखने वालों के लिए यह व्रत बहुत ही महत्वपूर्ण होता है। संतान प्राप्ति के लिए महिलाएं यह व्रत श्रद्धा और भक्ति के साथ रखती हैं। पुत्रदा एकादशी का व्रत साल में दो बार रखा जाता है। पहली बार पौष माह में और दूसरी बार सावन माह में। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु की सच्चे मन से पूजा करने पर संतान की प्राप्ति होती है और पापों का नाश होता है। साथ ही इस व्रत को करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस दिन व्रत और पूजा के साथ कुछ विशेष उपाय करने से इसके लाभ कई गुना बढ़ जाते हैं।