सावन मास को भगवान शिव का प्रिय महीना माना जाता है। इस महीने में धरती बेहद खूबसूरत, हरी-हरी और सुंदर नजर आती है। नागपंचमी सावन माह के प्रमुख त्योहारों में से एक है इस दिन लोग घरों में नाग देवता की पूजा कर अपने परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। इस साल नागपंचमी का पर्व 13 अगस्त को मनाया जाएगा। बिहार, बंगाल, उड़ीसा, राजस्थान में कृष्ण पक्ष की पंचमी को यह त्योहार मनाया जाता है, जबकि देश के अधिकांश हिस्सों में श्रावण शुक्ल पंचमी को ये पर्व मनाया जाता है। लिंग पुराण के अनुसार सृष्टि के सृजन के लिए जब ब्रह्माजी ने घोर तपस्या की तो एक बार वो हताश होने लगे तो क्रोधवश उनके आसूं पृथ्वी पर गिर गए और तत्काल ही वो सर्प के रूप में उत्पन्न हो गए। इन सर्पों पर कोई अत्याचार न हो ऐसा विचार कर भगवान सूर्यदेव ने इन्हें पंचमी तिथि का अधिकारी बना दिया। तभी से पंचमी तिथि पर नागों की पूजा करने का विधान है। आइए जानते हैं आज के दिन क्या करना अच्छा रहता है और क्या नहीं।