Vijayadashami 2024: दुर्गा पूजन के 10वें दिन मनाई जाने वाली विजयादशमी को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। इस पर्व को हर साल अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि पर मनाया जाता है। इस बार 12 अक्तूबर 2024 को विजयादशमी है, जिसे दशहरा भी कहते हैं। इस दिन भगवान राम और मां दुर्गा की पूजा की जाती है। मान्यता है कि इस दिन मां दुर्गा ने महिषासुर राक्षस का वध किया था, और इसी दिन प्रभु श्री राम ने लंका के राजा रावण का भी वध किया था। इसलिए इसे विजयादशमी कहा जाता है ,क्योंकि इसका अर्थ है 'विजय का दसवां दिन'।
इस दिन देशभर में जगह-जगह रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाता है। साथ ही मंदिरों व पंडालों में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन होता है। इस दिन शस्त्रों की पूजा भी की जाती हैं। माना जाता है कि रावण का वध करने से पहले प्रभु श्री राम ने शस्त्रों की पूजा की थी। इस साल विजयादशमी पर कई शुभ संयोग बन रहे हैं। ऐसे में शस्त्र पूजन करना और भी लाभकारी माना जा रहा है। ऐसे में आइए इस दिन के शुभ मुहूर्त और पूजा विधि के बारे में विस्तार से जानते हैं।