Happy Basant Panchami 2023 : बसंत पंचमी के दिन विद्या, ज्ञान, कला, साहित्य, बुद्धि, विवेक और गीत-संगीत की देवी मां सरस्वती की विशेष रूप से पूजा की जाती है। हिंदी पंचांग के अनुसार माघ माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को बसंत पंचमी का त्योहार माना जाता है। मान्यता है कि इस तिथि पर भी देवी सरस्वती का जन्म हुआ था। इस बार यह त्योहार 26 जनवरी 2023 को मनाया जा रहा है। बसंत पंचमी के दिन को बहुत ही शुभ दिन माना जाता है जिसकी वजह से इस तिथि पर सभी तरह के शुभ कार्य किए जाते हैं। छात्रों, शिक्षा व कला के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए बसंत पंचमी बहुत ही खास तिथि मानी जाती है। विद्या और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा के लिए यह दिन बहुत ही खास होता है।
बसंत पंचमी के दिन छोटे बच्चों को स्लेट पर अक्षर लिखवाकर उनकी शिक्षा का शुभारंभ किया जाता है। ऐसा करने से पूरे विद्यार्थी जीवन में मां सरस्वती की कृपा बनी रहती है और शिक्षा में आशातीत सफलता प्राप्त होती है। जो विद्यार्थी पढ़ाई में कमजोर हैं या जिनको बार बार प्रयास करने के बाद भी सफलता हासिल नहीं हो रही है ऐसे छात्रों के लिए वसंत पंचमी के दिन कुछ उपाय करने से उनका पढ़ाई में मन भी लगेगा और उनको शिक्षा में सफलता मिलेगी।