हिमाचल प्रदेश उत्तर-पश्चिमी हिमालय के दिल की धड़कन है। हिमाचल पवित्र चोटियों, मनोरम नदी घाटियों, पर्वत झीलों और घने जंगलों के लिए जाना जाता है। प्रदेश की ट्रेकिंग, राफ्टिंग, स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग या पर्वतारोहण जैसी साहसिक गतिविधियों के लिए भी अलग पहचान है। हिमाचल में कई ऐसे मनोरम स्थल हैं, जहां हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से सैलानी पहुंचते हैं। उन्हीं में से एक है मनाली से कुछ ही दूरी पर मौजूद विश्व विख्यात पर्यटन स्थल सोलंगनाला, जहां सैलानियों का मेला लगा रहता है।
समर और विंटर दोनों ही सीजन में सैलानी बड़ी संख्या में इस खूबसूरत जगह के दीदार के लिए पहुंचते हैं। विंटर सीजन में बर्फ से लकदक खूबसूरत वादियों के दीदार के लिए सैलानी यहां खींचे चले आते हैं। यह स्थल नवंबर से फरवरी- मार्च तक बर्फ से लकदक रहता है। सोलंगनाला में स्की ढलान भी एक मुख्य आकर्षण होता है। अगर आप भी बर्फ से ढकी वादियों के बीच सुकून के पल बिताने की सोच रहे हैं तो सोलंगनाला सही जगह साबित हो सकती है। मनाली से नेहरूकुंड, पलचान होते हुए बर्फ की चादर में लिपटी वादियों को निहारते हुए सोलंगनाला पहुंच सकते हैं।