दो साल बाद होली पर रिकॉर्ड संख्या में सैलानी हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंचे। मैदाली भागों में पड़ रही गर्मी से राहत पाने और वीकेंड पर छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में सैलानियों ने पहाड़ों की रानी शिमला का रुख किया है। शुक्रवार को होली के दिन दोपहर बाद शिमला में सैलानियों का जमावड़ा लग गया। शहर के होटलों में 90 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी रही। वहीं शनिवार को शहर सैलानियों से पैक हो गया है। शहर के होटलों में 100 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी पहुंच गई।
राजधानी की सभी पार्किंग शनिवार सुबह ही फुल हो गई। जगह न मिलने से सैलानियों को वाहन सर्कुलर रोड पर ही पार्क करना पड़े। लिफ्ट से लेकर बैम्लोई चौक तक चौड़ी की गई सड़क पर सैलानियों ने गाड़ियां पार्क करना शुरू कर दीं। इससे शहर में जाम लगता रहा। सर्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर शुक्रवार और शनिवार को सैलानियों की लंबी कतारें लगी रहीं।