फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ये रही मोदी की शिमला रैली की 15 खास बातें, देखना न भूलें ये झलकियां

Sat, 29 Apr 2017 10:21 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
1 of 16
पीएम ने सीएम पर कुछ इस अंदाज में निशाना साधा कि शायद ही किसी मुख्यमंत्री को वकीलों के बीच इतना समय बीतना पड़ रहा हो। अपनी लाइन को पूरा किए बिना मोदी ने जनता से पूछा कि आप समझ गए होंगे कि मैं किसकी बात कर रहा हूं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती विधानसभा के नतीजों पर अभी से 60 और 8 का रुझान बताते दिखे, लेकिन प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को संदेश दिया कि उनके लिए चुनाव आसान नहीं रहेंगे।
विज्ञापन

2 of 16
सांसद शांता कुमार को रैली में बोलने का मौका तक नहीं मिला। यह रैली में चर्चा का विषय बन गया। प्रधानमंत्री का काफिला माल रोड पार कर चुका था और चंद मिनट में वह रैली स्थल पर पहुंचने वाले थे, ऐसे में शांता कुमार ने संबोधन करने से इंकार कर दिया। शांता ने कहा कि जब मुख्य वक्ता आने वाले हों तो बोलने वाले की बात बनती नहीं, न ही उस वातावरण में कुछ जमता है। आगे कहा कि युवा नेता बोले ही हैं, हम तो 50 साल से बोलते रहे हैं।
विज्ञापन

3 of 16
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला इंडियन काफी हाउस के सामने से गुजरा तो उनकी कई पुरानी यादें ताजा हो गईं। मोदी बोले - यहां पर जो पत्रकार बंधु थे, उनको मेरा ये कर्म पता था। मेरे पहुंचने से पहले वे कॉफी हाउस में अपना अड्डा जमा देते थे। आमतौर पर जो सौभाग्य मुझे मिला, शायद किसी को नहीं मिलता होगा। इंडियन काफी हाउस में जब काफी पीता था तो मुझे कभी भी जेब से पैसे नहीं देने पड़े और देशवासी सुनते होंगे तो उनको हैरानी होगी कि हमेशा पेमेंट मेरे सारे पत्रकार मित्र देते थे।

4 of 16
पीएम मोदी की शिमला रैली मंच पर दो चेहरे फ्रंट पर दिखे। पीएम ने अभिवादन से लेकर अपने संबोधन में इन नेताओं को बराबर की अहमियत दी। धूमल की ओर से वर्ष 2012 में लागू की गई इलेक्ट्रिक चूल्हे योजना का आइडिया लेकर उन्होंने उज्जवल योजना की बात कहीं तो जेपी नड्डा की ओर स्वास्थ्य जगत में शुरू की गई योजना का अपने संबोधन में जिक्र किया।
विज्ञापन

5 of 16
मोदी ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से कहा कि मैंने हिमाचल का नमक खाया है। अब मेरा पूरा फायदा उठाना आपके हाथ में है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है जिसका लाभ आने वाले दिनों में हिमाचल के बागवानों को मिलने वाला है। कोल्ड ड्रिंक्स में अब कच्चे-पक्के फलों का रस अनिवार्य कर दिया है। अगर ये कंपनियां पांच प्रतिशत फ्रूट जूस भी कोल्ड ड्रिंक्स में डालती हैं तो बागवानों को फल बेचने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। 
विज्ञापन

6 of 16
रैली में अनुराग ठाकुर के निशाने पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ही रहे। यही नहीं, अनुराग ने पीएम मोदी और शाह की जोड़ी को अटल-आडवाणी से भी चार गुना बेहतर बता डाला। कहा कि प्रदेश में सरकार के पास खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि तक देने का समय नहीं है। सरकार आने पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नौकरी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा बल्कि नौकरी उनका इंतजार करेगी।
विज्ञापन

7 of 16
नड्डा ने कहा कि हिमाचल के सच्चे पक्के पहाड़ी लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री का नाम लिए बगैर उन पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल का मुखिया कभी किसी कचहरी में खड़ा है तो कभी किसी कचहरी के चक्कर काट रहा है। देवभूमि सच्चे पक्के पहाड़ी की धरती है और यहां का मुखिया अदालत में खड़ा रहता है।

8 of 16
कुल्लू से विधायक महेश्वर सिंह मंच के पास लगी कुर्सियों तक नहीं पहुंच सके। महेश्वर सिंह पारंपरिक परिधानों में आए अपने समर्थकों के साथ मुख्य डाकघर के पास ही खड़े रहे। जब उनसे पूछा गया कि आप अन्य भाजपा विधायकों के पास जाकर क्यों नहीं बैठे तो उन्होंने बताया कि मैं जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट गया था, वहां प्रधानमंत्री का स्वागत किया। अब रैली स्थल पर अपने समर्थकों के साथ भाषण सुन रहा हूं। विधायक ने समर्थकों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में नाटी भी डाली।

9 of 16
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक झलक पाने को लोग क्रेजी नजर आए। बारिश के बावजूद रिज मैदान पर पहुंचे लोगों के जोश में कमी नजर नहीं आई। पब्लिक ने गुलाब की पंखुड़ियों की बौछार कर पीएम का स्वागत किया। हजारों लोगों को देखकर पीएम ने भी गाड़ी से हाथ हिलाकर अभिवादन किया। लोगों के जोश को देखकर पीएम ने मंच से कहा कि हिमाचल से मुझे बहुत प्यार है, मगर अब मेरी जिम्मेवारियां बदल गईं हैं। आना भी कम हो गया लेकिन आपने बुलाया और हम चले आए।

10 of 16
मोदी ने हिमाचल के आगामी विधानसभा चुनावों में सत्ता परिवर्तन से जोड़ सूबे की सियासत गर्मा दी। रिज में आयोजित रैली में यह कहकर चुनावी शंखनाद किया कि यूपी, उत्तराखंड और अब दिल्ली की ताजा हवा हिमाचल पहुंच रही है। सियासी जानकारों की मानें तो प्रधानमंत्री के यह बोल भाजपा के लिए मोदी मंत्र हैं।

11 of 16
पीएम मोदी बोले, मैं हिमाचल को कहना चाहूंगा, जितना जल्दी डिजिटल करेंसी की ओर जाएंगे, उतना ही सुविधाजनक होगा। भीम ऐप बनाई है। अब आप सारा लेनदेन मोबाइल से कर सकते हैं। अगर पर्यटक भीम ऐप से पैसा लेते हैं तो नकद की जरूरत नहीं पड़ेगी। हिमाचल में कोई ऐसा होटल-रेस्टोरेंट न हो, जहां भीम ऐप से कारोबार न हो। जब पर्यटन बढ़ता है तो सब कमाते हैं। पकौड़े बेचने वाले भी कमाते हैं और चाय बेचने वाला भी। 

12 of 16
रोड शो के दौरान मोदी जी को जय श्रीराम, मोदी-मोदी, पूरा हिमाचल डोल रहा है मोदी-मोदी बोल रहा है और भारत माता की जय के नारे लगे। लिफ्ट से पीएम का काफिला शिमला क्लब से राजभवन, रामचंद्रा चौक और जोधा निवास से होते हुए रिज मैदान पहुंचा। करीब सवा बारह बजे एजी चौक से चला प्रधानमंत्री का काफिला करीब पौने एक बजे रिज मैदान पहुंचा।

13 of 16
मोदी के इस संबोधन ने लोगों में और जोश भर दिया। हल्के गुलाबी रंग का कुर्ता, पायजामा, नीले रंग की जैकेट और हिमाचली मफलर पहने मोदी मैरून रंग की पहाड़ी टोपी में खूब जच रहे थे।

14 of 16
रैली में विभिन्न पारंपरिक परिधानों में वाद्य यंत्रों के साथ कई जिलों से लोग पहुंचे। जो लोग रैली स्थल तक नहीं पहुंच सके, उनका इन सांस्कृतिक दलों ने खूब मनोरंजन किया। रिज मैदान से उपायुक्त कार्यालय और शेरे पंजाब तक लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर भी हजारों लोगों ने मोदी के भाषण को सुना।

15 of 16
मोदी के रैली स्थल पर पहुंचने से पहले हुई बारिश ने सब पवित्र कर दिया। यह बात नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने रैली के दौरान बीच-बीच में हो रही बारिश से जोड़कर कही। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना मांगे ही हिमाचल को विशेष श्रेणी राज्य का दर्जा दिया। हैरत है कि हिमाचल सरकार ने प्रदेश की जनता से इसे छिपाया और उसकी सूचना तक नहीं दी।
विज्ञापन

16 of 16
मोदी के रिज मैदान पर रैली से लौटने पर दोपहर 2:10 मिनट से लेकर 2:35 तक शहर की मुख्य सड़क पर हाईकोर्ट से लेकर विधानसभा तक गाड़ियों को रोका गया। काफिला गुजरते ही गाड़ियों की आवाजाही सामान्य हो गई। प्रधानमंत्री के दौरे के लिए शिमला में ट्रैफिक व्यवस्था इंतजाम इतने पुख्ता थे कि शायद ही किसी शहरवासी को दौरे और रैली के कारण कोई समस्या पेश आई हो। सुबह सिर्फ प्रधानमंत्री के आगमन पर भी मुश्किल से पंद्रह मिनट तक विधानसभा चौक से लेकर विक्ट्री तक का ट्रैफिक बंद किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें