हिमाचल प्रदेश में क्रिसमस मनाने के लिए लाखों पर्यटक उमड़े हैं और होटल पैक हो गए हैं। कालका-शिमला मार्ग पर एक दिन में 10 हजार वाहनों की आवाजाही हुई है। राजधानी शिमला सहित मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में भी सैलानियों की भारी भीड़ है। कई पर्यटक न्यू ईयर मनाकर अपने घरों को लौटेंगे। दिल्ली में पाबंदी और पंजाब में बम धमाके के बाद अधिकांश सैलानी हिमाचल का रुख कर रहे हैं। शिमला में 90, डलहौजी में 100, सोलन, कसौली में 95, धर्मशाला में 70 फीसदी होटल पैक हैं।
मनाली में सरकारी होटल पैक, निजी में 80 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी है। होटल एसोसिएशन मनाली के मुख्य संरक्षक गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि क्रिसमस को मनाली में कई बड़े होटलों की ऑक्यूपेंसी 80 फीसदी से अधिक चल रही है। पर्यटन निगम मनाली के एजीएम बीएस ओक्टा ने कहा कि क्रिसमस के लिए निगम के अधिकतर होटल पैक हैं। होटलों और रेस्टोरेंट में डीजे की धुनों पर सैलानियों के थिरकने के भी खास बंदोबस्त हैं।