राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगणा की छात्रा मान्या महाजन ने हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी किए गए कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम में प्रदेशभर में 700 में से 687 अंक प्राप्त कर मेरिट में आठवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं, दूसरी बहन मन्नत महाजन ने भी प्रदेश स्तर पर 683 अंक प्राप्त कर 12वां स्थान हासिल किया है। दोनों जुड़वा बहने हैं। दोनों पढ़ाई में पहले से ही अव्वल रही हैं। पांगणा के स्वर्गीय धर्मपाल महाजन की जुड़वां बेटियों ने पूरे गांव का मान बढ़ाया है और स्कूल का नाम रोशन किया है। जुड़वा बहनों की मां अरुणा महाजन आंगनबाड़ी में कार्यरत हैं।
पिता के देहांत के बाद मां और संयुक्त परिवार ने उनकी पढ़ाई का विशेष ध्यान रखा, जिसके चलते छात्राओं ने यह उपलब्धि हासिल की। उनकी कामयाबी से परिजनों में खुशी की लहर है। मान्या मेडिकल विषय में पढ़ाई करने के बाद डॉक्टर बनना चाहती हैं। वहीं मन्नत इंजीनियर बनना चाहती हैं।