हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों रोहतांग, किलाड़, भरमौर और मनाली में सोमवार को ताजा बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला में हल्की बूंदाबांदी हुई। प्रदेश की ऊंची चोटियां बर्फबारी से लकदक हो गई हैं। जिला चंबा के कबायली क्षेत्र पांगी का संपर्क कट गया है। सोमवार शाम तक हिमाचल प्रदेश में 146 सड़कें, 46 बिजली ट्रांसफार्मर और आठ पेयजल योजनाएं ठप रहीं। भारी बर्फबारी के चलते कबायली क्षेत्र पांगी तक अब सिर्फ हवाई सेवा के जरिये ही पहुंचा जा सकता है। पर्यटन नगरी मनाली में भी सोमवार को ताजा बर्फबारी हुई।
बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान 4.4, सुंदरनगर 7.1, भुंतर 7.6, कल्पा माइनस 1.0, धर्मशाला 8.4, ऊना 9.2, नाहन 9.0, केलांग माइनस 6.5, पालमपुर 7.5, सोलन 5.0, मनाली 5.0, कांगड़ा 10.5, मंडी 8.3, बिलासपुर 7.5, हमीरपुर 8.1, चंबा 9.5, डलहौजी 2.9, जुब्बड़हट्टी 8.0, कुफरी 3.1, कुकुमसेरी माइनस 3.9, नारकंडा 0.3, रिकांगपिओ 1.6, सेऊबाग 5.5, धौलाकुआं 7.7, बरठीं 12.2 और पांवटा साहिब में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।