हिमाचल प्रदेश में लोकतंत्र के महापर्व में आहुति डालने के लिए युवाओं ने भी जबरदस्त जोश दिखाया। पहली बार मतदान करने के बाद उनके चेहरे पर खुशी झलक रही थी। कई युवाओं ने वोट डालने के बाद सेल्फी भी ली। उन्होंने सोशल मीडिया में भी तस्वीरें साझा की हैं। युवा बोले, विकास, रोजगार और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्होंने मतदान किया है।
कई युवा सुबह ही मतदान केंद्रों के बाहर पहुंच गए थे। कई युवाओं का कहना था कि पहली बार मतदान कर सरकार चुनने का मौका मिला है। उन्हें देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेवारियों का भी अहसास हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रत्याशी के लिए मतदान किया है, जो बिना भेदभाव प्रदेश और समाज के हित में कार्य करे। युवाओं का कहना है कि वोट का पर्व पांच वर्ष में एक बार ही आता है। ईवीएम में मतदाता की पसंद और नापसंद के विकल्प उपलब्ध हैं, इसलिए हर कोई मतदान जरूर करे।