मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई हिमाचल प्रदेश कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। बैठक में तीन महत्वपूर्ण योजनाओं के नाम बदलने को भी मंजूरी दे दी गई। बैठक में हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना का नाम परिवर्तित कर मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना करने, हिमाचल हेल्थकेयर योजना हिमकेयर का नाम परिवर्तित कर मुख्यमंत्री हिमाचल हेल्थकेयर योजना हिमकेयर रखने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा सहारा योजना का नाम परिवर्तित कर मुख्यमंत्री सहारा योजना करने को स्वीकृति प्रदान की।
वहीं, विभिन्न विभागों में सैकड़ों पदों को भरने की मंजूरी दी गई है। कैबिनेट ने नौवीं से 12वीं कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए 27 सितंबर से स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया है। 10वीं और 12वीं कक्षाओं के विद्यार्थी सप्ताह में सोमवार, मंगलवार और बुधवार जबकि नौवीं और 11वीं कक्षाओं के विद्यार्थी गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को विद्यालयों में उपस्थित होंगे। आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं और परीक्षाएं जारी रहेंगी।