क्रिसमस के जश्न के लिए कुल्लू-मनाली की वादियां सैलानियों से गुलजार हो गई हैं। ताजा बर्फबारी से देशभर के पर्यटकों ने जिभी, तीर्थन, मणिकर्ण व मनाली का रुख किया है। एक सप्ताह के भीतर जिले में सैलानियों की आवाजाही तीन गुना से भी अधिक बढ़ गई है। जिले में रोज लगभग 1350 पर्यटक वाहन पहुंच रहे हैं। जबकि पिछले सप्ताह यह संख्या 500 के आसपास थी। जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति में गुरुवार रात को हुई बर्फबारी से कई रूट बंद हो गए हैं। इससे सड़कों पर बसों व वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। बर्फबारी होने से लाहौल का कुल्लू जिले से संपर्क कट गया है। वहीं सैलानी भी अब अटल टनल का दीदार नहीं कर सकेंगे। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल और कोकसर में आठ सेंटीमीटर तक बर्फबारी दर्ज की गई है।