फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Independence Day: सीएम जयराम ने दीं सात सौगातें, नए वेतनमान का एरियर मिलेगा, प्री प्राइमरी शिक्षा नीति बनेगी

Tue, 16 Aug 2022 11:15 AM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला/सराहां(सिरमौर)
विज्ञापन
1 of 10
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर - फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी सौगातें दी हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला सिरमौर जिले के सराहां में राज्य स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कर्मचारियों के लिए नए वेतनमान के एरियर की पहली किस्त जारी करने की घोषणा की। इस दौरान सीएम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राज्य पुलिस, गृह रक्षक, एनसीसी, एनएसएस की टुकड़ियों से सलामी ली। पुलिस उप अधीक्षक प्रणव चौहान ने परेड की अगुवाई की। 

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के कर्मचारियों व पेंशनरों को 1 जनवरी 2016 से संशोधित वेतनमान के एरियर की देय पहली किश्त प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इसके लिए 1,000 करोड़ रुपये का लाभ प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के लगभग 2.25 लाख कर्मचारी तथा 1.90 लाख पेंशनर लाभान्वित होंगे, जिनमें सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के कर्मचारी व पेंशनर भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संशोधित वेतनमान व पेंशन के फलस्वरूप कर्मचारियों और पेंशनरों को 3,500 करोड़ रुपये का लाभ मिला है

गौरतलब है कि इस साल के अंत में हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले जयराम  सरकार ने राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कर्मचारियों के लिए कई सौगातें दी हैं।  हालांकि डीए, स्कूल मैनेजमेंट कमेटी(एसएमसी)के तहत रखे गए  2555 शिक्षकों को स्थायी या नियमित नीति के तहत लाने, एनपीएस और आउटसोर्स कर्मियों को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई है।

Trending Videos
विज्ञापन

2 of 10
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सीएम जयराम - फोटो : अमर उजाला
पंचायतीराज विभाग के कर्मचारियों को तोहफा, खाद्य तेल पर अनुदान बढ़ाया
सीएम ने पंचायतीराज विभाग के अधीन जिला संवर्ग के चार हजार कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान जारी करने की भी घोषणा की। साथ ही 12 वर्षों तक नियमित सेवाएं प्रदान करने वाले पंचायत चौकीदारों की सेवाएं दैनिक भोगी आधार पर करने की घोषणा की। सीएम ने प्रदेश सरकार की ओर से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत बीपीएल परिवारों को सरसों का तेल 134 रुपये प्रति लीटर तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अतिरिक्त (ओटीएनएफएसए) के तहत एपीएल परिवारों को 139 रुपये प्रति लीटर, एनएफएसए के तहत बीपीएल परिवारों को रिफाइंड तेल 122 रुपये प्रति लीटर, ओटीएनएफएसए के तहत एपीएल परिवारों को 127 रुपये प्रति लीटर प्रदान किया जा रहा है। कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से ओटीएनएफएसए के तहत एपीएल परिवारों को खाद्य तेल पर पांच रुपये प्रति लीटर तथा एनएफएसए के तहत बीपीएल परिवारों को खाद्य पर तेल 10 रुपये प्रति लीटर का उपदान प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने ओटीएनएफएसए के तहत एपीएल परिवारों को खाद्य तेल पर प्रदान किए जाने वाले उपदान को दोगुना करते हुए 5 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 10 रुपये प्रति लीटर तथा एनएफएसए के तहत बीपीएल परिवारों को खाद्य तेल पर प्रदान किए जाने वाले उपदान को 10 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 20 रुपये प्रति लीटर करने की घोषणा की।



 
विज्ञापन

3 of 10
सीएम ने परेड का निरीक्षण किया - फोटो : संवाद
प्री प्राइमरी शिक्षा नीति बनेगी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में प्री प्राइमरी शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए प्री प्राइमरी शिक्षा नीति बनाने तथा आवश्यकतानुसार प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के निचले एवं मध्य क्षेत्र के किसानों को लाभ प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार 10 वर्षीय पातन (कटान) कार्यक्रम से खैर को बाहर करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय में अपील दायर करेगी। जयराम ठाकुर ने प्रदेश के लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेशवासियों के लिए यह एक विशेष अवसर है। सीएम ने कहा कि एक ओर हम जहां आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश के गठन के 75वें वर्ष के अवसर पर प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनके अथक प्रयासों से भारत को स्वतंत्रता प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पूरे राष्ट्र में लोग हर घर तिरंगा कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।  

4 of 10
राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह - फोटो : संवाद
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस अवसर पर पूरे प्रदेश में योजनाबद्ध तरीके से 75 कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य 75 वर्षों के दौरान प्रदेश की विकास यात्रा को प्रदर्शित करना है।  उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश ने इन वर्षों के दौरान अभूतपूर्व विकास किया है जिसका श्रेय कुशल नेतृत्व तथा प्रदेश के ईमानदार व कर्मठ लोगों को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने इन वर्षों में न केवल आकार में बढ़ा है बल्कि प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश ने इन वर्षों के दौरान अभूतपूर्व विकास किया है जिसका श्रेय कुशल नेतृत्व तथा प्रदेश के ईमानदार व कर्मठ लोगों को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने इन वर्षों में न केवल आकार में बढ़ा है बल्कि प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय प्रगति की है। सीएम ने कहा कि कि अस्तित्व में आने के समय प्रदेश की साक्षरता दर केवल 4.8 प्रतिशत थी जो आज 83 प्रतिशत से अधिक हो गई है। सड़कों की लंबाई कुल 288 किलोमीटर थी जो आज बढ़कर 39,500 हो गई है।
विज्ञापन

5 of 10
सीएम जयराम ने परेड का निरीक्षण किया - फोटो : संवाद
इसी प्रकार प्रदेश में कुल 301 शिक्षण संस्थान थे जिनकी संख्या आज 16,124 हो गई है।  सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया ताकि वृद्धजन एक सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें। इस आयु सीमा को अब 60 वर्ष किया गया है। मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत 3.34 लाख परिवारों को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं।  मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिला मंडी के करसोग क्षेत्र के प्रेम कुमार, सिरमौर जिले के नौहराधार के वीरेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. अजय पाठक, परेड कमांडर प्रणव चौहान तथा अन्य को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया।  राज्य स्तरीय समारोह के दौरान स्कूली छात्रों और अन्य सांस्कृतिक दलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। 
विज्ञापन

6 of 10
शिमला में स्वतंत्रता दिवस समारोह। - फोटो : संवाद
वहीं, शिमला में भी बारिश के बीच जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुआ। मुख्यातिथि शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्धाज ने रिज मैदान पर ध्वजारोहण किया।  इस दौरान पुलिस, होमगार्ड, यातायात पुलिस, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड व एनसीसी की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया।
विज्ञापन

7 of 10
धर्मशाला में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह। - फोटो : संवाद
धर्मशाला में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। बारिश के चलते पुलिस मैदान की जगह डीसी कार्यालय परिसर समारोह हुआ। बीएड कॉलेज के सभागार में सांस्कतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। 

8 of 10
गेयटी में नाटी की प्रस्तुति। - फोटो : अमर उजाला
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिमला के गेयटी थियेटर में विद्यार्थियों की ओर से हिमाचली नाटी(लोकनृत्य व गायन) की शानदार प्रस्तुति दी गई। वहीं छात्राओं ने नाटक की प्रस्तुति दी। प्रदेश के अन्य जिलों में भी 76वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया।  जिला मंडी के भंगरोटू में जल शक्ति, राजस्व, बागवानी एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, लाहौल-स्पिति के जिला मुख्यालय केलांग में सूचना प्रौद्योगिकी एवं जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने  तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। 

9 of 10
पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने परेड का निरीक्षण किया - फोटो : संवाद
प्रदेश में ऊना में थानाकलां में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुआ। मुख्यातिथि पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने परेड का निरीक्षण किया। इस इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। वहीं, जिला कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, जिला सोलन के ठोडो मैदान में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. राजीव सैजल, चंबा जिले के बनीखेत में वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया, बिलासपुर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग तथा जिला किन्नौर के रिकांगपिओ में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. हंस राज ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। 
विज्ञापन

10 of 10
स्वतंत्रता दिवस हमीरपुर में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया - फोटो : संवाद
76वां स्वतंत्रता दिवस हमीरपुर में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बाल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हमीरपुर के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उद्योग, श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह ने ध्वजारोहण किया तथा भव्य परेड की सलामी ली। भव्य परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस के अलावा महिला एवं पुरुष होमगार्ड, कॉलेज एनसीसी, स्कूल के विद्यार्थियों व खेल विभाग के युवक मंडलों की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें