अयोध्या में राम मंदिर पर फ्रांस 24 की कवरेज।
- फोटो : अमर उजाला
'फ्रांस 24' ने भी इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया है। अखबार ने अपने शीर्षक में लिखा- 'मोदी ने हिंदू राष्ट्रवाद की जीत के तौर पर देखे जाने वाले मंदिर का उद्घाटन किया'। खबर में कहा गया, 'मोदी ने हिंदू देवता राम के मंदिर के बाहर अपने संबोधन में कहा कि 22 जनवरी 2024 केवल कैलेंडर की एक तारीख नहीं है। बल्कि, एक युग के आगमन की शुरुआत है।' इसमें आगे कहा गया है कि जिस जगह पर सदियों से एक मस्जिद खड़ी थी, पार्टी द्वारा उकसाए जाने के बाद हिंदू कट्टरपंथियों ने उसका विध्वंस कर दिया था। उस विध्वंस ने आजादी के बाद सबसे खराब धार्मिक दंगों को जन्म दिया। जिनमें दो हजार लोग मारे गए। उनमें ज्यादातर मुसलमान थे। इसने भारत की धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था की नींव को आधिकारिक रूप से हिला दिया था।
खबर में आगे कहा गया है, 'उत्तरी शहर अयोध्या में हजारों श्रद्धालु नारे लगाते, नाचते, ध्वज लहराते और ढोल बजाते हुए जुट गए हैं। सड़कें जाम हो गई हैं। ट्रेनें खचाखच भरी हुई हैं। बाकी लोग पैदल यात्रा कर रहे हैं। अयोध्या के मुस्लिम समुदाय के कुछ सदस्यों को भी कार्यक्रम में शामिल होते देखा गया।' उद्घाटन (प्राण प्रतिष्ठा समारोह) से पहले 11 दिन के उपवास की शुरुआत करते हुए मोदी ने कहा था, 'भगवान ने मुझे भारत के सभी लोगों का प्रतिनिधित्व करने का एक साधन बनाया है।'