लोकसभा और विधानसभा चुनावों में लगातार मिल रही हार और संगठनात्मक कामकाज पर उठ रहे सवालों के बीच उदयपुर में कांग्रेस का चिंतन शिविर शुक्रवार को शुरू हुआ। संगठनात्मक स्तर पर कई बदलावों की उम्मीद की जा रही है। इसके कुछ प्रस्ताव अब तक सामने आए हैं। आइए, 10 पॉइंट्स में जानते हैं कि चिंतन शिविर में अब तक क्या-क्या हुआ?
1. एक परिवार को एक टिकट
चिंतन शिविर के शुरू होने से पहले कांग्रेस नेता अजय माकन ने प्रस्तावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक परिवार को एक टिकट दिया जाएगा। नेता के किसी रिश्तेदार को टिकट तभी मिलेगा, जब वह पांच साल पार्टी के लिए काम कर लेगा। बूथ और ब्लॉक स्तर के बीच में मंडल बनाए जाएंगे। इस समय बूथ के बाद सीधे ब्लॉक स्तर का ढांचा काम करता है। हालांकि, कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि यह फिलहाल प्रस्ताव ही है। अंतिम फैसला चिंतन बैठक में चर्चा के दौरान होगा।
2. 50% पद युवाओं को देंगे
अजय माकन ने यह भी कहा कि बूथ से लेकर कार्यसमिति तक 50 प्रतिशत पद युवाओं को दिए जाएंगे। युवाओं के लिए 50 साल की समयसीमा तय की गई है। वहीं, कोई भी नेता किसी पद पर सिर्फ पांच साल के लिए रहेगा। तीन साल का कूलिंग ऑफ पीरियड रहेगा, जिसके बाद वह फिर से पद की जिम्मेदारी संभाल सकता है।