राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मंगलवार को राजस्थान में 9वां दिन है। सुबह करीब छह बजे यात्रा सवाई माधोपुर में खंडार के जीनापुर से शुरू हुई। सूरवाल बाईपास पर लंच ब्रेक के बाद यात्रा फिर शुरू हुई। भारत जोड़ो यात्रा के साथ राहुल गांधी शाम करीब सात बजे दुब्बी बनास पहुंचे। जहां यात्रा को विश्राम दिया गया।
भारत जोड़ो यात्रा आज मंगलवार को अलग तरह से चर्चा का विषय बनी। इसका पहला कारण था कि यात्रा के टेंट में आग लगाने की कोशिश की गई। वहीं, दूसरी तरफ दौसा शहर में दीवारों पर राहुल गांधी गो बैक के नारे लिखे हुए मिले। यात्रा में शामिल हुई महिलाओं का एक वीडियो भाजपा नेता ने जारी किया। जिसमें महिलाएं जबरन यात्रा में लाए जाने की बात कह रही हैं। इसके अलावा एमपी पुलिस की राजस्थान पुलिस को दी गई एक चेतावनी भी चर्चा का कारण रही। आइए अब सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं, इन चारों मामलों के बारे में।
राहुल गांधी गो बैक के नारे लिखे
मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा के बीच दौसा शहर में राहुल गांधी गो बैक के नारे लिखे मिले। शहर के आगरा रोड और लालसोट ओवरब्रिज पर ये स्लोगन लिखे गए थे। प्रशासन को जैसे ही इन स्लोगन की जानकारी मिली तो अधिकारियों को हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में इन स्लोगन को मिटाया गया। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि दीवार पर ये स्गोलन किसने लिखे थे।