फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nagaur: स्कूल में बजी शहनाइयां, पंचायत और शिक्षकों ने मिलकर कराई बेटियों की शादी, सामाजिक एकता की मिसाल पेश की

Sat, 13 Dec 2025 11:18 PM IST
प्रिया वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नागौर

सार

ललासरी गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक समरसता का उदाहरण पेश किया है। यहां स्कूल परिसर में पूरे गांव की भागीदारी से एक सफाईकर्मी की दो बेटियों की शादी करवाई गई। स्कूल स्टाफ ने मिलकर की तैयारी।
विज्ञापन
1 of 4
स्कूल में बजी शहनाई, पूरे गांव की भागीदारी से दो बेटियों की शादी करवाई - फोटो : अमर उजाला
जिले में डीडवाना के निकट ललासरी गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ने न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रदेश भर में अपनी अलग पहचान बनाई है, बल्कि सामाजिक समरसता और मानवता की मिसाल भी कायम की है। यहां स्कूल परिसर को दुल्हन की तरह सजाकर सफाईकर्मी की दो बेटियों पूजा और सुनीता की शादी धूमधाम से करवाई जा रही है। यह शादी किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे गांव और पंचायत की है, जहां जाति, ऊंच-नीच और अमीरी-गरीबी के सारे भेदभाव भुलाकर सभी एक ही जाजम पर बैठकर बेटियों की विदाई में जुटे हैं।
विज्ञापन

2 of 4
तीन गांव के लोगों ने सामाजिक एकता की मिसाल पेश की - फोटो : अमर उजाला
दरअसल दस साल पहले गांव के बंशी वाल्मीकी स्कूल में सफाई का काम करते थे लेकिन उनके निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनकी बड़ी बेटी पूजा पर आ गई। पूजा पिछले दस वर्षों से स्कूल में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत हैं और छात्रों के लिए पूजा जीजी बन चुकी हैं। शादी की उम्र आने पर पूजा और उनकी छोटी बहन सुनीता की शादी तय हुई तो स्कूल प्रधानाचार्य हरवीर सिंह जाखड़ ने स्टाफ के साथ मिलकर सहयोग का फैसला लिया। दो भामाशाहों से आर्थिक मदद की बात पक्की की गई।

ये भी पढ़ें: Jaipur News:  भजन सरकार के दो साल पर डोटासरा ने दी खुली बहस की चुनौती, कहा- पर्ची की सरकार ने पीछे धकेल दिया
विज्ञापन

3 of 4
स्कूल स्टाफ ने निभाई जिम्मेदारी - फोटो : अमर उजाला
यह बात गांव में फैली तो ललासरी के साथ-साथ लुनोदा और नेतडों की ढाणी के ग्रामीणों ने भी सहयोग की इच्छा जताई। तीनों गांवों के लोग मतभेद भुलाकर एकजुट हो गए और पूरी पंचायत ने मिलकर यह शादी आयोजित करने का निर्णय लिया। शादी की सभी रस्में हल्दी, मेहंदी, पीले चावल, नाच-गाना और महिला संगीत स्कूल परिसर में ही निभाई गईं। शिक्षिकाओं ने जैसे अपनी बेटियों की शादी हो, वैसे भूमिका निभाई। आमंत्रण कार्ड छपवाने से लेकर मेहमानों को बुलाने तक का काम स्कूल स्टाफ ने संभाला।
विज्ञापन

4 of 4
छात्राओं ने राजस्थानी परिधान में मेहमानों का तिलक लगाकर स्वागत किया - फोटो : अमर उजाला
आज 13 दिसंबर को दोनों बहनों के विवाह के लिए स्कूल को भव्य तरीके से सजाया गया है। छात्राओं ने राजस्थानी परिधान में मेहमानों का तिलक लगाकर स्वागत किया, जबकि स्टाफ और ग्रामीण मोतियों की माला पहनाकर पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में आवभगत कर रहे हैं। भोजन की व्यवस्था भी एक ही जगह की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानाचार्य की इस पहल ने पूरे गांव को एकजुट कर दिया। हर व्यक्ति अपनी ओर से योगदान दे रहा है। यह बदलाव की शुरुआत है, जिसके हम साक्षी बन रहे हैं। दुल्हन बन रही पूजा ने कहा कि आज हमारी वजह से पूरा गांव एक हुआ, इस खुशी से बड़ा कुछ नहीं। पिता की कमी खलती है लेकिन आज गांव ही हमारा परिवार बनकर खड़ा है। यह आयोजन न केवल दो बेटियों की शादी है, बल्कि समाज में फैले अंधकार को दूर करने की एक मिसाल है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें