फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hariyali Teej Photos: शाही ठाठ-बाट के साथ निकली तीज माता की सवारी, विदेशी पावणों ने कलाकारों संग किया नृत्य

Wed, 07 Aug 2024 08:33 PM IST
अरविंद कुमार न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

Hariyali Teej Photos: शाही ठाठ-बाट के साथ निकली तीज माता की सवारी, विदेशी पावणों ने कलाकारों संग किया नृत्य
विज्ञापन
1 of 7
तीज माता की सवारी - फोटो : अमर उजाला

श्रावण शुक्ल तृतीया हरियाली तीज को सिटी पैलेस के जनानी ढ्योढ़ी से तीज माता की सवारी रियासतकालीन शाही ठाठ बाट से निकली। सुर्ख लाल पोशाक में स्वर्णाभूषण से सुसज्जित तीज माता जैसे ही चांदी की पालकी में सवार होकर त्रिपोलिया गेट से बाहर आईं तो सड़क, बरामदों और छतों पर बैठे श्रद्धालुओं ने तीज माता के जयकारों से चारदीवारी को गूंजायमान कर दिया। पूर्व राजपरिवार की सदस्य गौरवी कुमारी ने सिटी पैलेस में जनानी ड्योढ़ी में पारंपरिक पूजा-अर्चना की। वहीं, त्रिपोलिया गेट पर पद्मनाभ सिंह ने तीज माता की आरती उतारी। हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में देसी-विदेशी पर्यटकों ने रियासतकालीन तीज की सवारी देखी और नजारों को मोबाइल में कैद किया। सबसे आगे सजे धजे गजराज पर सवार महावत पूर्व राजपरिवार का पंचरंगा ध्वज थामे हुए था।

विज्ञापन

2 of 7
तीज माता की सवारी - फोटो : अमर उजाला

राजस्थानी धुन बिखेरते बैंड बाजा वादक, सजे हुए ऊंट-घोड़े और शाही लवाजमे के साथ निकली तीज माता की एक झलक पाने के लिए लोग उतावले नजर आए। प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से आए करीब 200 कलाकारों ने प्रदेश की लोक कला और संस्कृति की छटा बिखेर कर लोगों का दिल जीत लिया। राजस्थान के प्रसिद्ध कालबेलिया, गैर नृत्य, बहरूपिया, मशक वादन, कठपुतली नृत्य, कच्छी घोड़ी और अलग-अलग बैंड, अनेक लोक कलाकारों के समूह तीज की शाही सवारी में शामिल होकर शानदार प्रस्तुतियां दीं। 

विज्ञापन

3 of 7
तीज सवारी - फोटो : अमर उजाला

कच्छी घोड़ी नृत्य की प्रस्तुति आकर्षण का केन्द्र रहे। गैर नृत्य और बहरूपिया कलाकारों के साथ विदेशी पर्यटकों ने सेल्फी ली। लोक कलाकारों ने मयूर नृत्य से लोगों को प्रभावित किया। वहीं, कालबेलिया नृत्यांगनाएं भी मौजूद रहीं। जो  नृत्य करते हुए आगे चल रहीं थीं। तीज की सवारी के साथ चल रहे राजस्थानी मस्कट के साथ फोटो खिंचाने का क्रेज दिखा।तीज की सवारी के साथ चल रहे राजस्थानी मस्कट के साथ फोटो खिंचाने का क्रेज दिखा। पर्यटन विभाग की ओर से विदेशी पर्यटकों के लिए त्रिपोलिया गेट के सामने हिंद होटल की छत पर बैठने की व्यवस्था की गई।

4 of 7
तीज माता की सवारी - फोटो : अमर उजाला

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने तीज महोत्सव की प्रदेशवासियों को शुभकामनायें और बधाई देते हुए कहा कि तीज महोत्सव राजस्थान की अनूठी पहचान है। बदलते समय के साथ हम नवाचार कर रहे हैं, जिस से न केवल पर्यटक आकर्षित हो, बल्कि हमारी नयी पीढ़ी भी त्योहार को चाव से मनाये। इस बार मनाया गया तीज का उत्सव इसी का प्रतीक है कि बड़ी संख्या में जयपुर शहर वासियों ने तथा देशी-विदेशी पर्यटकों ने तीज माता की सवारी महोत्सव में सहभागिता की है। वहीं, पर्यटन विभाग के द्वारा नवाचारों करते हुए इस बार विभागीय वेबसाइट व विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउन्ट्स पर लाइव स्ट्रीमिंग की गई है, जिससे बड़ी संख्या में दर्शकों ने घर बैठे ही सजीव प्रसारण देखकर तीज त्योहार का आनंद लिया है।

विज्ञापन

5 of 7
तीज माता की सवारी - फोटो : अमर उजाला

सावन की रिमझिम फुहारों के बीच तीज की सवारी पूरे हर्ष उल्लास के साथ सिटी पैलेस से निकाली गई। इस बार शोभा यात्रा में आएसी व जैल बैंड द्वारा प्रस्तुतियों से वातावरण गुंजायमान हो गया। दर्शक भी तीज की सवारी देख झूमते हुए दिखाई दिए। लोक कलाकारों द्वारा जनानी ड्योढ़ी, छोटी चौपड़ व ताल कटोरा तक मार्ग पर तथा मार्ग में बनाए गए मंचों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दी गई, जिसे देखकर दर्शक झूम गए और समूचे उल्लास व जोश के साथ एक-एक प्रस्तुति का आनंद लेते हुए दिखाई दिए। ढोल नगाडों की गूंज से सभी मन्त्रमुग्ध हो गए। लगातार हो रही रिमझिम में भी न तो दर्शकों का उत्साह कम हुआ और न ही कलाकारों कला प्रदर्शन का जूनून। कलाकारों ने एक से एक बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर वातावरण को अद्भुत और भव्य बना दिया। शाही हाथी, सजे हुए ऊंट और उन पर सवार लंबी-लंबी मूंछ लहराते राजस्थानी वेशभूषा में पुरुष, घोड़े, शान से सजी हुई पालकियां, देवी देवताओं का रूप धारण किए हुए बहुरुपियों के साथ ही उछल कूद करते बन्दर रूपी बहुरुपिये दर्शकों में कोलाहल मचा रहे थे। कालबेलिया कलाकार, कच्छी घोड़ी, नर्तक, बैंड बाजों की स्वरलाहरियों के साथ लोक कलाकारों की मनोहारी प्रस्तुति और आतिशबाजी के आयोजन ने सम्पूर्ण आयोजन को अद्वितीय बना दिया। 

विज्ञापन

6 of 7
तीज सवारी - फोटो : अमर उजाला

पर्यटन विभाग द्वारा तीज माता की शोभायात्रा और अधिक यादगार बनाने के लिेए पर्यटकों के लिए हिन्द होटल के समीप ही अन्य स्थानों पर भी बैठक व्यवस्था की गई। साथ ही तीज माता की शोभायात्रा पर ड्रोन द्वारा पुष्प वर्षा भी गई। राजस्थान ही नहीं पूरे देश में तीज महोत्सव की धार्मिक मान्यता है और इसे हर्षोल्लास से मनाया जाता है, ऐसे में लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए प्रवासियों को भी तीज महोत्सव से जोड़ने का राजस्थान पर्यटन विभाग का यह शानदार प्रयास रहा।

पर्यटन विभाग की ओर से इस बार महोत्सव को और अधिक विस्तार दिया गया, जिसके आधार पर तीज की सवारी व सांस्कृतिक गतिविधियों को त्रिपोलिया गेट, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़, अल्बर्ट हॉल व तालकटोरा पर एलईडी स्क्रीन्स लगाकर दिखाया गया। पर्यटन विभाग द्वारा इस बार अल्बर्ट हॉल, हवामहल, सिटी पैलेस आदि मुख्य पर्यटक स्थलों पर सेल्फी पॉइंटस् भी बनाए गए। इन पॉइंटस् के जरिए शहरवासी और देशी-विदेश पर्यटक तीज महोत्सव की यादों को संजो कर रखने के लिए सेल्फी लेते हुए नजर आए।वैसे यह विदित है कि हरियाली तीज से देश-प्रदेश में त्योहारों की शुरूआत होती है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
डिप्टी सीएम दीया कुमारी - फोटो : अमर उजाला

तीज महोत्सव की थीम तीज के रंग...राजस्थान के संग रखी गई है। इसके साथ ही विभाग द्वारा फोटो कॉन्टेस्ट का आयोजन किया गया, जिसके तहत 11 अगस्त तक विभाग के सोशल मीडिया अकाउन्ट्स पर प्रतिभागी तीज महोत्सव से जुड़ी पांच-पांच फोटो भेज सकेंगे। चुनिंदा फोटोग्राफ्स को विभाग द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं तीज महोत्सव को राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करने के लिए विभाग तीज महोत्सव के दौरान इंफ्लेजुएर्स को भी बुलाया, उनकी नजरिए से भी तीज महोत्सव की रील्स पोस्ट की जाएगी। यह इंफ्लेजुएर्स तीज के रंग.. राजस्थान के संग थीम के साथ-साथ तीज के रंग.. घेवर के संग, तीज के रंग.. लहरिया के संग....व तीज के रंग आभूषणों के संग आदि थीम को इस महोत्सव में शामिल किया है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें