जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान से आए नागरिकों के भारत में प्रवास को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। इसी के तहत राजस्थान में भी पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। शुक्रवार को राजस्थान से 28 पाकिस्तानी नागरिकों को वापस पाकिस्तान भेजा गया, जिनका संबंध जोधपुर, फलौदी और बालोतरा से है।
केंद्र के निर्देश पर तेजी से हो रही कार्रवाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा देश के सभी मुख्यमंत्रियों से अपने-अपने राज्यों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की अपील के बाद राजस्थान सरकार ने भी तुरंत एक्शन लिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वीजा समाप्ति वाले पाकिस्तानी नागरिकों को जल्द से जल्द चिह्नित कर वापस भेजा जाए। शुक्रवार को सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ हुई बैठक में विशेष तौर पर यह निर्देश दिए गए कि शॉर्ट टर्म वीजा वाले नागरिकों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द रवाना किया जाए।
यह भी पढ़ें- Barmer News: बॉर्डर पार से दुल्हन लाने निकला दूल्हा खाली हाथ लौटा, नहीं मिली उस पार जाने की अनुमति