जिले के भदेसर उपखंड के धीरजी खेड़ा गांव में उस वक्त गम और गर्व का माहौल एक साथ देखने को मिला, जब भारतीय सेना के जवान पहलवान गुर्जर का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। जैसे ही उनका शव गांव में पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और हर कोई अपने लाल के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ा।
गांव की गलियां भारत माता की जय और जय हिंद के नारों से गूंज उठीं लेकिन हर चेहरे पर अपार दुख साफ नजर आ रहा था। भारतीय सेना के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद लोगों ने नम आंखों से पुष्प अर्पित कर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विधायक चंद्रभान सिंह आक्या सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। माहौल इतना भावुक था कि वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।