राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी से पाकिस्तान पहुंची अंजू बार-बार झूठ बोल रही है। 25 जुलाई को 'अमर उजाला' संवाददाता से कॉल पर बात करते हुए अंजू ने भारत लौटने की बात कही थी। साथ ही अपने प्रेमी नसरुल्लाह से निकाह करने की बात से भी इनकार किया था।
लेकिन जिस तरह से चीजें सामने आ रही है उससे यही लग रहा है कि अंजू सिर्फ और सिर्फ झूठ बोल रही है। 'अमर उजाला' संवाददाता से अंजू ने कहा था कि धर्म परिवर्तन और निकाह की खबरें फेक हैं। मैंने यहां ऐसा कुछ नहीं किया गया है, मेरे लिए ये सब इतना आसान नहीं है। मैं वापस इंडिया आ रही हूं। 26 जुलाई को पाकिस्तान से रवाना होकर 27 जुलाई को सड़क मार्ग से बाघा बॉर्डर के रास्ते दिल्ली पहुंच जाऊंगी।
इसके उलट शुक्रवार यानी 27 को अंजू और नसरुल्लाह परिवार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। जिसमें अंजू एक होटल में बैठकर खाना खाते हुए दिखाई दे रही है। भारत में जीन्स टॉप पहनकर रहने वाली अंजू पाकिस्तान में बुर्के में दिखाई दे रही है। इससे साफ है कि अंजू सिर्फ और सिर्फ झूठ बोलकर भारत में रहने वाले पति, परिवार और मीडिया को गुमराह कर रही है।