केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर राजस्थान में विरोध जारी है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार दूसरे दिन इसे लेकर विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। जयपुर से हुई शुरुआत के बाद यह विरोध प्रदेश के चार जिलों में फैल गया है। सेना भर्ती की तैयारी कर रहे जयपुर, जोधपुर, सीकर और अजमेर के युवओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
गुरुवार को जोधपुर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर कड़ा विरोध जताया। इसके अलावा जयपुर, अजमेर और सीकर में भी सैकड़ों युवाओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। सीकर और अजमेर में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं। जानकारी के अनुसार विरोध कर रहे कुछ युवाओं को अजमेर पुलिस ने हिरासत में लिया और फिर बाद में छोड़ दिया। युवाओं के विरोध को देखते हुए सभी जिलों की पुलिस अलर्ट पर है।