रोडरेज मामले में पटियाला जेल में बंद पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की मेडिकल रिपोर्ट आज पटियाला में चीफ जुडीशियल मजिस्ट्रेट अमित मल्हन की अदालत में पेश की जाएगी। सुबह सिद्धू को मेडिकल के लिए राजिंदरा अस्पताल लाया गया है। इसके बाद अस्पताल कोर्ट में अपनी रिपोर्ट देगा। दरअसल सिद्धू को एम्बोलिज्म नाम की बीमारी है। इसमें खून के थक्के जमने लगते हैं, वहीं उनका लीवर ग्रेड थ्री कैटेगरी में आता है। इसके अलावा उन्हें गेहूं से एलर्जी है। इसके चलते वे एक स्पेशल डाइट ही लेते हैं। जेल में वे दाल रोटी नहीं खा पा रहे। शुक्रवार को जेल गए सिद्धू ने घर से साथ लाईं ड्राई ब्लू बैरीज खाई थी।
सिद्धू के वकील एचपीएस वर्मा ने बताया कि पटियाला में चीफ जुडीशियल मजिस्ट्रेट अमित मल्हन की अदालत में याचिका दायर करके जेल में सिद्धू को उनकी खराब सेहत के हिसाब से स्पेशल डाइट देने की अपील की गई है। इसके जवाब में कोर्ट ने जेल सुपरिंटेंडेंट को सरकारी राजिंदरा अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. एचएस रेखी की देखरेख में डाक्टरों का बोर्ड बनाकर सिद्धू की मेडिकल जांच करने के आदेश दिए हैं। राजिंदरा अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. रेखी ने बताया कि ऑफिस बंद होने के चलते शनिवार को कोर्ट के आर्डर मिल नहीं सकें, लेकिन सोमवार को सिद्धू का मेडिकल कराने के बाद कोर्ट के सामने रिपोर्ट पेश कर दी जाएगी।