आईपीएल का रोमांच चरम पर है। इस बार पंजाब के कई खिलाड़ी अलग-अलग टीमों से मैदान में हैं। जिन्हें मौका मिला है, वे इसे खूब भुना रहे हैं। आज कामयाबी के जिस शिखर पर ये खिलाड़ी हैं, वहां तक पहुंचने के लिए दिन रात कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण की जरूरत है। इनके परिजनों ने बताया कि कैसे क्रिकेट के प्रति इनका प्यार जुनून बन गया। किसी ने अपने घर की छत पर नेट लगाकर अभ्यास किया तो किसी ने कड़ी धूप की परवाह किए बिना मैदान में पसीना बहाया। जानिए पंजाब के आईपीएल सितारों के बारे में...
अमृतसर के अभिषेक शर्मा को क्रिकेट की बारीकियां उनके पिता राजकुमार ने ही सिखाईं। बैंक में कार्यरत पिता क्रिकेट की कोचिंग देते थे। छह-सात साल की उम्र में अभिषेक घर में ही मां और बहनों के साथ टेनिस की गेंद से खेलते थे। एक दिन पिता उन्हें ग्राउंड में ले गए। उनका खेल देखकर दूसरे कोच और चयनकर्ता बोले-राजकुमार बच्चे को आगे बढ़ाओ। अच्छा खेलता है। पिता ने अभिषेक को भी तराशना शुरू कर दिया। इसका नतीजा भी सामने आया। पहले जिला स्तर पर अंडर-14 में खेले। पंजाब अंडर-16 टीम का हिस्सा बनकर पंजाब को जीत दिलाई।
अंडर 19 नार्थ जोन के कप्तान बन चैंपियनशिप जीती
इसके बाद अभिषेक नेशनल क्रिकेट अकादमी बंगलूरू में राहुल द्रविड़ के पास पहुंच गए, जहां बेस्ट प्लेयर ऑफ इंडिया का अवार्ड मिला। चैलेंजर ट्रॉफी में इंडिया रेड अंडर 19 के कप्तान बनकर इंडिया रेड चैंपियनशिप जीती और मैन ऑफ सीरीज का अवार्ड मिला। अंडर 19 इंडिया का कप्तान बने और एशिया कप की टीम घोषित हुई तो श्रीलंका में हुई चैंपियनशिप में 5 मैचों में से 4 में भारत को जीत दिलाई। मैन ऑफ द सीरीज का खिताब जीता। वर्ल्ड कप न्यूजीलैंड में खेलते हुए चैंपियनशिप जीती और सेमीफाइनल मैच में बंगलादेश के खिलाफ मैन आफ द मैच बने। इसके बाद रणजी ट्रॉफी में चयन हुआ और आईपीएल दिल्ली की टीम का हिस्सा बन गए। यहां एक मैच में 19 गेंदों पर 46 स्कोर बना चर्चा में आ गए। दो साल तक दिल्ली की ओर से आईपीएल खेले और फिर हैदराबाद की टीम में चले गए। अब अभिषेक शर्मा हैदराबाद की टीम के लिए खेल रहे हैं।