मुक्तसर के गांव बूड़ागुज्जर स्थित मुदकी माइनर के पास सोमवार को गांव जस्सेआणा के एक युवक की लाश मिली थी। दस घंटे बाद ही पुलिस ने मामले को सुलझा लिया। कत्ल के बाद से लोग रंजिश के चलते कत्ल के कयास लगा रहे थे, मगर एसएसपी दफ्तर में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कत्ल की परतें खुली तो होश उड़ाने वाला मामला सामने आया। एसएसपी डी सुडरविली ने बताया कि युवक की बहन ने ही अपने दो प्रेमियों के हाथों भाई को मौत के घाट उतरवा दिया था। दरअसल युवक अपनी बहन को दोनों युवकों के साथ संबंध रखने से रोका करता था। पुलिस ने गगनदीप सिंह गगना वासी जस्सेआणा, अंकुश कुमार तथा मृतक की बहन सुमनदीप कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही गगनदीप सिंह गगना को काबू कर लिया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द करने का दावा किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले नशे का ओवरडोज देकर मारने की कोशिश की, युवक फिर भी न मरा तो उसका गला रेत डाला।