गोरखपुर के चिउटहा पुल के पास मुठभेड़ में शार्प शूटर परवेज को पुलिस द्वारा चलाई गईं तीन गोलियां लगीं थीं। पोस्टमार्टम में पता चला है कि दो गोली सीने को तो एक गोली सिर को छेदते हुए निकली थी। उधर, पीपीगंज पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया जिसके बाद रात में ही वे आंबेडकर नगर लौट गए।
एसटीएफ के मुताबिक, बदमाश परवेज के बारे में सूचना मिली थी कि कैंपियरगंज से वह आंबेडकर नगर जाने वाला है और वहां पर किसी व्यापारी की हत्या भी करेगा। इसी सूचना पर पुलिस पहुंची थी और चिउटहा के पास घेराबंदी के दौरान पुलिस ने ललकारते हुए कहा था कि वह आत्मसमर्पण कर दे, लेकिन यह सुनते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी थी।
कई बार पुलिस के कहने पर नहीं माना तो पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई और तीन गोली लगने से परवेज की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, उसका एक साथी बाइक लेकर फरार हो गया था। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगी है। इस मामले में एसटीएफ की ओर से पीपीगंज थाने में हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज कराया गया था।