कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में आंदोलन कर रही किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने अनजाने में एक अनूठा रिकार्ड बना दिया है। 24 सितंबर को जंडियाला गुरु के नजदीक गांव देवीदासपुर के अमृतसर-दिल्ली रेल ट्रैक पर धरने पर बैठे कमेटी सदस्य 169 दिन बाद ट्रैक से हट गए हैं। कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर की अगुवाई में किसानों ने 24 सितंबर को कृषि कानूनों के विरुद्ध रेल रोको प्रदर्शन शुरू किया था। कमेटी की कोर कमेटी की एक बैठक बुधवार देर रात धरना-प्रदर्शन स्थल पर आयोजित की गई। इस बैठक में फैसला लिया गया कि गेहूं की कटाई और आगामी धान की फसल की बुआई तक किसान-मजदूर खेतों में व्यस्त रहेंगें इसलिए रेल रोको प्रदर्शन इस समय के लिए वापस ले लिया जाए।