महाकाल मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
- फोटो : अमर उजाला
श्रावण मास में बाबा महाकाल के दरबार में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस मास में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल की सुबह होने वाली भस्म आरती के दर्शनों का लाभ मिल सके इसलिए मंदिर में इन दिनों भस्मआरती के चलायमान दर्शन की व्यवस्था की गई है। जिसका लाभ प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं को मिल रहा है।
आज श्रावण मास के सातवें सोमवार पर उज्जैन ही नहीं बल्कि देश विदेश से आए श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल की भस्म आरती का दर्शन लाभ लिया। रात 2:30 बजे से शुरू हुआ बाबा महाकाल के दर्शनों का क्रम अनवरत जारी है। श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। बता दें आज श्रावण शुक्ल पक्ष की पंचमी है, इसीलिए लाखों श्रद्धालु बाबा महाकाल की भस्म आरती, भगवान श्री नागचंद्रेश्वर के दिव्य दर्शनों का लाभ लेने के साथ ही बाबा महाकाल की शाम चार बजे निकलने वाली सवारी देखने आए हैं।