टीकमगढ़ जिले के गांव डूडा में सर्व समाज की पंचायत ने शराब पीने और बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया है। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। डूडा मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का गांव है। उमा भारती खुद लंबे समय से शराबबंदी को लेकर मुहिम चला रही हैं।
दरअसल, टीकमगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 29 किलोमीटर दूर उमा भारती का गांव डूडा है, जहां सर्व समाज की पंचायत ने गांव में शराब पीने और बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया है। ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक हरि सिंह लोधी ने बताया कि गांव के मंदिर में पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें सभी समाज के लोग शामिल हुए थे। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अगर, कोई शराब पीकर गांव में घूमेगा तो उस पर 11,000 का जुर्माना और शराब बनाने व बेचने पर 21,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यह फैसला सर्व समाज की पंचायत में रविवार को लिया गया था।
रोजगार सहायक हरि सिंह लोधी ने कहा कि गांव में कई लोग शराब पीते थे, जिससे उनके परिवार तबाह हो गए, वे और पत्नियों के साथ मारपीट करते थे। ऐसे में शराबबंदी को लेकर पंचायत बुलाई गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती द्वारा शराबबंदी का प्रयास किया जा रहा है, जिसके चलते अब उनकी ग्राम पंचायत भी उनके पदचिह्नों पर चल रही है।