मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में श्री हनुमान लोक का भूमिपूजन किया। जामसांवली मंदिर में बन रहे श्री हनुमान लोक पर 314 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पांढुर्णा, नांदनवाड़ी और सौसर को मिलाकर नया जिला बनाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने 'श्री महाकाल लोक' की तर्ज पर विकसित किए जा रहे छिंदवाड़ा जिले के प्रसिद्ध जामसांवली हनुमान मंदिर में "श्री हनुमान लोक" का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। 26.50 एकड़ में बन रहे 'श्री हनुमान लोक' के प्रथम चरण का कार्य 35 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा। शिवराज ने कहा कि 'श्री हनुमान लोक' दिव्य तथा भव्य लोक भारत की आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि राम जी के आशीर्वाद से छिंदवाड़ा जिले के जामसांवली में हनुमान लोक बनने जा रहा है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि महाकाल लोक की तरह ही हनुमान लोक भी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनकर उभरेगा। हनुमान जी का आशीर्वाद सभी प्रदेशवासियों पर बना रहे, यही कामना करता हूं।
छिंदवाड़ा दौरे पर आए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 'मेरे जीवन का यह अद्भुत क्षण है। भगवान श्रीराम और सीता मां के चरणों में प्रणाम कर हमने आज श्री हनुमान लोक का भूमि पूजन किया है। यह अद्भुत सिद्ध स्थल है।' मुख्यमंत्री इससे पहले नागदा (उज्जैन) और पिछोर (शिवपुरी) को नया जिला बनाने की घोषणा कर चुके हैं। पांढुर्णा, नांदनवाड़ी और सौसर अभी छिंदवाड़ा जिले का हिस्सा है। राज्य स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम में शिवराज 8.34 लाख से अधिक हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक की ऋण राशि वितरित करेंगे।
