सीहोर जिले में आष्टा जनपद की ग्राम पंचायत कजलास में रविवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें कुल 115 जोड़ों का विवाह हुआ। आष्टा विधायक रघुनाथ मालवीय तथा जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भावी जीवन में प्रवेश के लिए नव दंपतियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर नवदंपत्तियों को 49 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को 49 हजार का चेक भी सौंपा।
- फोटो : सोशल मीडिया
विधायक रघुनाथ मालवीय तथा जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर ने कहा कि प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत ग्राम कजलास में आयोजित इस विवाह समारोह में 115 बेटियों का विवाह सम्पन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले जब किसी पिता को अपनी बेटी की शादी करनी होती थी तो आर्थिक रूप से कमजोर माता-पिता को दूसरो से ऋण लेना होता था और ऋण लेकर वह अपनी बेटी की शादी करते थे। लेकिन अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लाडली बेटियों के विवाह के लिए शुरू की गई इस कन्या विवाह योजना से प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर माता-पिता की बेटियों की शादी धूमधाम से हो रही है। प्रदेश सरकार द्वारा बेटियों के जन्म से लेकर विवाह तक के लिए चलाई जा रही योजनाओं के कारण आज मध्यप्रदेश में बेटी बोझ नहीं है, बल्कि वास्तव में लक्ष्मी है।