मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के स्टेशन रोड थाना इलाके के मोचीपुरा क्षेत्र में गणेश प्रतिमा ले जा रहे भक्तों पर असामाजिक तत्व ने पत्थर फेंक दिए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। पथराव से अक्रोशित लोग स्टेशन रोड थाने पर जमा हो गए, आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर भीड़ ने हंगामा कर दिया। मालले को शांत करने के लिए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। बाद में पुलिस मोचीपुरा पहुंची और यहां सीसीटीवी कैमरे चेक किए। स्थिति को देखते हुए शहर में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शहर शनिवार रात करीब 9 बजे खेतलपुरा से मोचीपूरा होकर स्थापना के लिए गणेश प्रतिमा लेकर जा रहे लोगो पर किसी ने पथराव कर दिया। मूर्ति स्थापना के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग स्टेशन रोड थाना पहुंचे और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।