मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को नर्मदापुरम जिले के माखन नगर गौरव दिवस के अवसर पर संबोधित किया।
- फोटो : सोशल मीडिया
गेहूं को एक्सपोर्ट करेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि गेहूं को विदेशों एक्सपोर्ट करना है। निर्यात होगा अपने मध्यप्रदेश का, नर्मदापुरम का गेहूं। मैं दो बैठकें कर चुका हूं एक और करना है। गेहूं विदेशों में एक्सपोर्ट होगा तो किसानों को गेहूं की और बेहतर कीमत मिलेगी। एमपी व्हीट, बड़े-बड़े विज्ञापनों में आप देखते हैं सोने जैसे दाने, वो दाने अपने ही हैं। हमारा गांव, हमारा शहर कैसे बने इसलिए गौरव दिवस, खेलकूद की प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी करें, कुछ चीजें मिलकर तय करें।
जनता की जिंदगी बेहतर बनाकर अपना जीवन सफल बनाना है
शिवराज ने कहा कि मैं कसर नहीं छोड़ने वाला, जनता की जिंदगी को बेहतर बनाकर, अपना जीवन सफल बनाना है, लेकिन हम सब मिलकर यह काम करेंगे। नर्मदापुरम में भी संभावनाओं को खोजें, स्वच्छता केवल अच्छा दिखने के लिए नहीं, बीमारियों का प्रतिशत कम करने के लिए है। इंदौर में बीमारी का प्रतिशत घट गया है। केवल माखननगर वासियों को नहीं, हम सभी को मिलकर ये संकल्प लेना है कि अपने गांव,शहर को स्वच्छ बनाना है।
शिवराज बोले- दादा ने इस धरती की सुगंध को पूरी दुनिया में फैलाया
नर्मदापुरम जिले के बाबई का नाम बदलकर पिछले दिनों माखनलाल चतुर्वेदी के नाम पर माखन नगर रखा गया है। यहां सोमवार को गौरव दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बचपन से हम पुष्प की अभिलाषा पढ़ते आ रहे हैं। यह कविता, यह गीत केवल मध्य प्रदेश में नहीं बल्कि पूरे हिंदुस्तान की फिजाओं में गूंजा है। मुझे तोड़ लेना वनमाली, उस पथ पर देना तुम फेंक, मातृभूमि पर शीश चढ़ाने, जिस पथ जावें वीर अनेक। इन पंक्तियों ने वीर व क्रांतिकारियों के प्रति आदर का भाव पैदा किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि दादा माखनलाल चतुर्वेदी एक भारतीय आत्मा थे और इस धरती की सुगंध को पूरी दुनिया में फैलाया। मैं इस माटी को प्रणाम करता हूं।