वॉटरफॉल में जमकर आ रहा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
बारिश से शबाब पर आया राहतगढ़ वॉटरफॉल, सैलानियों की लगी भीड़
बुंदेलखंड के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले सागर जिले के राहतगढ़ में एक बेहद ही सुंदर जलप्रपात है। बारिश के बाद जब ऊंची चट्टानों से पानी गिरता है तो दूर-दूर से लोग इसे देखने के लिए खींचे चले आते हैं। राहतगढ़ वाटरफॉल को भालकुंड और भीमकुंड के नाम से भी जाना जाता है। यह जलप्रपात घने जंगलों के बीच में बना हुआ है।
बीना नदी पर बने इस प्राकृतिक वॉटरफॉल में इन दिनों सैलानियों की चहल-पहल से गुलजार हो गया है। सावन के इस महीने में पिछले तीन दिनों की मूसलाधार बारिश से बीना नदी अपने पूरे वेग से बह रही है, जिससे वॉटरफॉल में भी खूब पानी आ रहा है। वॉटरफॉल पर यह नजारा देखने सागर, रायसेन, विदिशा सहित आस-पास के लोग अपने परिजनों के साथ आते हैं। इस जगह पर प्रशासन ने सौंदर्यीकरण के लिए अनेक निर्माण कार्य करवाए हैं, लोगों को बैठने के लिए छतरियां और ऊंचाई पर एक टावर बनाया गया है, जिस पर बैठकर लोग प्रकृति के सुंदर नजारे को निहार सकते हैं। वाटरफॉल के नाम से सेल्फी प्वाइंट भी है, जहां पर युवा सेल्फी लेते हुए दिखाई देते हैं।
सुरक्षा के इंतजाम
वन विभाग के अंतर्गत आने वाले इस वाटरफॉल में पहले हुए हादसों से सबक लेकर प्रशासन ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्थाएं की हैं। कोई जलप्रपात के ज्यादा नजदीक ना जा पाए, इसके लिए रेलिंग लगाई गई है। सुरक्षा के लिए गार्ड भी तैनात रहते हैं।