Today Weather in MP Rain Alert: मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है। बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से प्रदेश में लगातार बरसात हो रही है। इससे कई जिलों में लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों के घरों में पानी घुस गया है और गलियां नदी-नालों में तब्दील हो गई हैं। एसडीईआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें नाव और अन्य तरह से बचाव कार्य कर पानी में फंसे लोगों को लगातार बाहर निकाल रही हैं।
सागर जिले के बीना में लोगों के घरों में बारिश का पानी घुस गया। बताया जा रहा है कि यहां 50 से ज्यादा मवेशी बह गए। टीकमगढ़ में सुबह 4 घंटे में 6 इंच पानी गिर गया। इससे शहर की कई कॉलोनियां पानी-पानी हो गई हैं। वहीं, छतरपुर के बमनोरा में धसान नदी का जलस्तर बढ़ जाने से टापू पर 59 लोग फंस गए। एसडीईआरएफ और पुलिस ने सभी को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
आज इन जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
आज मंगलवार को प्रदेश के भोपाल, मंदसौर, शिवपुरी, नीमच, गुना, श्योपुर, छतरपुर, शाजापुर, मंडला, सिंगरौली, टीकमगढ़, सीधी, रीवा, मुरैना, मऊंगज, अशोकनगर, बालाघाट, राजगढ़, सिवनी, पांढुर्णा, विदिशा, छिंदवाड़ा और सीहोर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।