हबीबगंज थाने के पीछे बच्चों के कपड़े मिले
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दो नवजातों के कथित चोरी मामले में पुलिस को दूसरे दिन भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस रविवार को परिजनों के बयान दर्ज करेंगी। हालांकि इस मामले में पुलिस को बच्चों की मां के बयान का इंतजार है। महिला को उसके माता-पिता झाड़फूंक कराने बैरसिया लेकर गए है।
पुलिस ने शनिवार को कोलार कॉलोनी तिराहे से हबीबगंज पुलिस स्टेशन तक की जांच करी। नगर निगम की मदद से मदद से नाले की सर्चिंग की गई, लेकिन पुलिस को बच्चों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।
बता दें 27 वर्षीय सपना मूलत: बैरसिया की रहने वाली है। उसकी पांच साल पहले कोलार गेस्ट हाउस के पास रहने वाले बृजमोहन से शादी हुई थी। उनकी एक तीन साल की बच्ची है। सात सितंबर को सपना ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। सपना ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह 4.30 बजे जब सब लोग घर में सो रहे थे, तब वह जुड़वां बच्चों को लेकर बैरसिया अपने मायके जाने के लिए निकली थी। वह पैदल ही रंगमहल चौराहे तक पहुंची। वहां से दोनों बच्चे गायब हो गए।
पति के साथ एफआईआर कराने पहुंची
महिला ने अपने पति को इसकी सूचना दी और फिर दोनों टीटी नगर थाने एफआईआर कराने पहुंचे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो वह रास्ते में अकेली दिखी। जब महिला से पुलिस ने पूछा तो वह कहने लगी कि वह भूल गई कि क्या हुआ था। सख्ती करने पर महिला झूमने लगी। खुद को पहचानने से भी मना कर दिया। महिला के परिजनों का कहना है कि सपना को माता आती है।
हबीबगंज थाने में पीछे कपड़े मिले
पुलिस जांच में पता चला कि सपना बच्चों को लेकर हबीबगंज थाना क्षेत्र पहुंची। यहां थाने के पीछे बच्चों के कपड़े मिले हैं। दोनों बच्चे नहीं हैं। पुलिस अब बच्चों की हत्या कर फेंकने, तंत्र-मंत्र समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल डॉग स्क्वॉड की मदद से बच्चों की तलाश की जा रही है।
बस में बच्चे नहीं थे महिला के पास
पुलिस ने महिला के बताए रास्ते को फॉलो किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि महिला के पास कोलार गेस्ट हाउस तिराहे के अलावा अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में अकेले ही दिखी है। पुलिस को महिला की कहानी पर संदेह है। हबीबंगज थाने के पास से जब महिला निकली तो वह अकेली दिख रही है। महिला के पास से कोलार गेस्ट हाउस तिराहे से हबीबगंज तिराह के बीच से गायब हुए हैं। अब पुलिस महिला के बैरिया से लौटने का इंतजार कर रही है।