फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मध्य प्रदेश: स्टार्टअप 'बीमाकवच' ने इंश्योरेंस खरीदना किया आसान, 11 महीने में 250 से ज्यादा लोगों ने कराया बीमा

Tue, 10 May 2022 04:06 PM IST
अंकिता विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

मध्य प्रदेश में भारत का सबसे अच्छा स्टार्ट-अप हब बनने की अपार संभावनाएं हैं। MP के पास भारत का सबसे हॉट स्टार्टअप हब बनने में सक्षम होने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा, प्रतिभावान लोग और राज्य सरकार का सहयोग है।
विज्ञापन
1 of 2
इंदौर के राजेन्द्र जैन और तेजस ने शुरू की है बीमा कंपनी। - फोटो : अमर उजाला
स्टार्टअप से भारत के साथ ही मध्य प्रदेश की भी तस्वीर बदल रही है। नए बिजनेस आइडियाज और उनको धरातल पर उतारकर कुछ कर दिखाने के युवाओं के जुनून को मध्य प्रदेश सरकार की स्टार्ट-अप नीति बड़ा साहस दे रही है। प्रदेश की स्टार्ट-अप नीति ने कई लोगों के इनोवेटिव आइडिया और नवाचारों के सपनों में उम्मीदों का रंग भरा है। युवा नए-नए प्रयोग कर प्रदेश को नई पहचान दिला रहे हैं। प्रदेश सरकार की नीतियों से जहां स्टार्टअप को हिम्मत और हौसला मिला तो, वहीं एक स्टार्टअप की दुनिया में एक कंपनी ऐसी भी उभरी जिसने दूसरी कंपनियों को बीमा का सुरक्षा कवच दिया। आज मोबाइल से लेकर मानव तक और कार से लेकर कारखाने तक लगभग सभी क्षेत्र इन्शोरेंस के सुरक्षा कवच के दायरे में आने लगे हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी सोच ने किसान की फसल को भी सुरक्षा चक्र दिया है। ऐसे में नई शुरुआत करने वाले उद्यमियों के व्यापार को बीमा का सुरक्षा कवच देकर उन्हें निर्भयता के साथ अपने सपने पूरा करने में मदद कर रही है बीमाकवच प्राइवेट लिमिटेड कंपनी।  

मध्य प्रदेश की स्टार्टअप पॉलिसी के तहत इंदौर के रहने वाले राजेन्द्र जैन और तेजस ने अपनी कंपनी बीमाकवच की शुरुआत की। राजेन्द्र कंपनी के सीओओ हैं और तेजस कंपनी के संस्थापक और सीईओ हैं। इन्शोरेंस सेक्टर में 40 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले राजेन्द्र जैन नए बिजनेसमेन चिंताओं और कंपनी के लिए बीमा की आवश्यकताओं दोनों को बड़ी ही बारीकी से समझते हैं। उम्र के साथ आये इस अनुभव ने राजेन्द्र जैन को एक ऐसे स्टार्टअप का आइडिया दिया, जो नए स्टार्टअप को बीमा का सुरक्षा कवच दे सके। आज बीमा कंपनियों की कमी नहीं है लेकिन बीमाकवच के बारे में बात करना इसलिए जरूरी हो जाता है क्योंकि यह अपने तरह का पहला डिजिटल बिजनेस इन्शोरेंस प्लेटफॉर्म है जो स्टार्टअप, एमएसमई और नई टेक्नोलॉजी  कंपनियों को बीमा की सुरक्षा प्रदान करता है। 

डिजिटल माध्यम से बीमा कराने की सुविधा
15 जून 2021 को शुरू हुई बीमाकवच की सबसे खास बात यह है कि यहां डिजिटल माध्यम से आसानी और पारदर्शिता के साथ बीमा कराया जा सकता है। बीमाकवच ने व्यापार बीमा के लिए भारत का पहला पोर्टल बनाया और एसएमई कंपनियों को अप्रत्याशित जोखिम से सुरक्षा देने में मदद की।  बीमाकवच महज 8 -10 महीनों में ही 250 से ज्यादा ग्राहकों के बिजनेस को बीमा का सुरक्षा कवच दे चुका है, इतना ही नहीं अब तक 5 करोड़ रुपये से ज्यादा का क्लेम भी सैटल किया जा चुका है। वर्तमान में कंपनी 12 लोगों को रोजगार भी दे रही है। बीमाकवच कंपनी की कार्यशैली, आइडिया और इनोवेशन का ही नतीजा है कि इतने कम समय में कंपनी बेहतर प्रदर्शन कर रही है। प्रदेश सरकार के प्रोत्साहन और सहयोग से ऐसी कंपनियां यूनिकॉर्न स्टार्टअप का दर्जा  प्राप्त करने का दमखम रखती हैं।  

तीन साल में 5 हजार कंपनियों को बीमकवच देने का लक्ष्य 
भारत में सामान्य बीमा क्षेत्र हर साल 12 से 15 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है, जबकि बीमाकवच का दायरा हर तिमाही लगभग 50 प्रतिशत बढ़ रहा है। बीमाकवच के सीओओ राजेन्द्र जैन का कहना है कि 'यह मेरा दूसरा स्टार्टअप है। इससे पहले मैं द ग्लू अफेयर नाम से एक फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड चलाता था। यह 2014 में शुरू हुआ था, और यह सफल नहीं रहा । हमें इसे कुछ वर्षों में बंद करना पड़ा, लेकिन एक असफलता के बाद भी, मैं प्रतिबद्ध था कि मुझे उद्यमी बनना है लोगों की वास्तविक समस्या को हल करके उनके जीवन को छूना चाहता था। बीमा कवच जल्द ही डिजिटल इंश्योरेंस सेक्टर की प्रमुख कंपनी बनेगी और देश के छोटे और मध्यम व्यवसायों की मदद करेगी। हम वर्तमान में 250 से अधिक एसएमई और स्टार्टअप के साथ काम कर रहे हैं और आने वाले 3 वर्षों में हमारा लक्ष्य पूरे भारत में 5 हजार कंपनियों के साथ काम करना है।'  


 
विज्ञापन
विज्ञापन

2 of 2
बीमाकवच अब तक 250 से ज्यादा कस्टमर्स को इंश्योरेंस दे चुकी है। - फोटो : अमर उजाला
छोटे और मध्यम उद्यमियों की मदद करता है बीमाकवच
कंपनी के सीईओ तेजस जैन बताते हैं 'कि बीमा कवच को शुरू करने में हमें काफी समय लगा। शुरुआत में बहुत सारी वित्तीय समस्याएं थीं। यहां तक कि अधिकांश बीमा कंपनियां भी शुरू से बीमा उत्पादों का सह-निर्माण करने के लिए हमारे साथ काम नहीं करना चाहती थीं। लेकिन, हम कंपनी को लेकर दृढ़ थे और हमने वास्तविक समस्या का पता लगाना शुरू कर दिया कि छोटे व्यवसायों के लिए बीमा खरीदना कितना मुश्किल है। हमने छोटे व्यवसायों की समस्या के बारे में मध्य प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में संपर्क करना शुरू किया और अपने मालिकाना बीमा उत्पादों के माध्यम से उनकी मदद की। शुरुआत में हमने अपने फंड और सीमित संसाधनों के साथ शुरुआत की, लेकिन अब हमें प्रमुख निवेशकों द्वारा लगभग 15 करोड़ रुपये की वित्त सहायता से 10 से ज्यादा बीमा कंपनियां हमारे साथ काम कर रही हैं।'

MP में देश का बेहतरीन स्टार्ट-अप हब बनने की अपार संभावनाएं
बीमाकवच के राजेन्द्र जैन कहते हैं 'हमारा मानना है कि मध्य प्रदेश में भारत का सबसे अच्छा स्टार्ट-अप हब बनने की अपार संभावनाएं हैं। मप्र के पास भारत का सबसे हॉट स्टार्टअप हब बनने में सक्षम होने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा, प्रतिभावान लोग और राज्य सरकार का सहयोग है। हमारे जैसे स्टार्टअप, जिनका बंगलौर/मुंबई में संचालन है, अभी भी इंदौर में मुख्यालय रखना चाहते हैं क्योंकि हमें प्रदेश सरकार और अधिकारियों का अच्छा समर्थन प्राप्त है।' 
 
कंपनियों को वित्तीय जोखिम की चिंता से फ्री करना है लक्ष्य 
कंपनी के संस्थापक राजेन्द्र जैन बताते हैं कि 'बीमा क्षेत्र के मेरे सालों के अनुभव और व्यापार जगत के वित्तीय जोखिम की जानकारी ने मुझे ऐसी बीमा कंपनी खोलने के लिए प्रोत्साहित किया जो कंपनियों को आसानी से डिजिटल माध्यम से बीमा कवर उपलब्ध करा सके। व्यक्तिगत बीमा और हेल्थ इंश्योरेंस के मामले में कई डिजिटल प्लेटफॉर्म सक्रिय हैं लेकिन नए स्टार्टअप करने वाली कंपनियों, टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों के विभिन्न स्तर पर वित्तीय जोखिम से बचने के लिए बीमा कवर देने वाली कंपनियां बहुत कम हैं। हमने बीमाकवच के रूप में पहला डिजिटल बिजनेस इंश्योरेंस पोर्टल का निर्माण किया है। 

बीमाकवच खरीदारों और विक्रेताओं के बीच एक चैनल की तरह काम करता है। यह लोगों के लिए बीमा सेवाओं को उनके दरवाजे तक लाने के साथ ही बीमा खरीदना आसान बनाता है। बीमाकवच उद्यमियों को उनकी जरूरतों की पहचान करके और बीमा कवरेज की सीमा की गणना करके उन्हें बेहतर बीमा कवर लेने में मदद करता है। बीमा खरीदारों को सहज महसूस कराने में मदद करने और बीमा खरीदने को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए बीमाकवच का डिजिटल प्लेटफॉर्म कार्य कर रहा है। बीमाकवच का उद्देश्य उद्यमियों के बीच बीमा सेक्टर का जाना-पहचाना चेहरा बनना है ताकि जो लोग बीमा कवर खरीदते हैं, वे फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति के बजाय किसी ऐसे व्यक्ति के साथ बीमा खरीदने की खोज करने में अधिक सहज महसूस करें जिसे वे व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार के प्रयासों और संकल्प से आज प्रदेश कृषि के क्षेत्र में अग्रणी है। राज्य शासन की प्राथमिकता कृषि के साथ सभी क्षेत्रों में मध्य प्रदेश को और अधिक मजबूत करने की है। 

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें