मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की पत्नी स्तुति शर्मा इन दिनों अपने सोशल मीडिया पोस्ट के चलते सुर्खियों में हैं। दरअसल स्तुति शर्मा ने 16 अप्रैल को एक ट्वीट किया था, जिसके बाद उन्हें लगातार बीजेपी के लोगों ने ही ट्रोल किया, ट्रोलर्स से परेशान होकर स्तुति ने उस ट्वीट को डिलीट कर दिया था, जिसके बाद कांग्रेस ने ट्वीट विवाद को एक नया मोड़ दे दिया।
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की पत्नी ने 16 अप्रैल को ट्वीट किया कि 'मुझे रात को दवाई की जरूरत थी और सभी दुकानें बंद हो चुकी थीं, रात 11:30 बजे एक मुस्लिम की मेडिकल दुकान खुली हुई थी, ड्राइवर और मैं उस दुकान पर पहुंचे और दवाई खरीदी। उसने कहा कि 'दीदी इस वाली दवाई से नींद ज्यादा आती है कम ड्रॉप दीजिएगा। वह कितना केयरिंग था, वह मुस्लिम था।
उनके इस ट्वीट को दिल्ली के बीजेपी प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने कोट करते हुए लिखा कि 'केमिस्ट का धर्म था आतंकवाद का धर्म नहीं होता'। इसके बाद लगातार स्तुति शर्मा को उनके पोस्ट के लिए ट्रोल किया गया।
ट्रोलर्स का शिकार होने के बाद स्तुति ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया और लिखा कि 'मैंने अपना पिछला ट्वीट डिलीट कर दिया है, यह अनावश्यक अराजकता पैदा कर रहा था। धार्मिक लड़ाई के विषय पर विचार साझा करना मुश्किल है, किसी को ठेस पहुंचाना मकसद नहीं था। कर्म अपना काम करेगा 'जय महाकाल'।