मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबाडोचर गांव में ईद के दिन एक प्रतिबंधित मवेशी (गौवंश) की कथित रूप से कुर्बानी दिए जाने का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना न केवल धार्मिक भावनाओं को झकझोरने वाली है, बल्कि क्षेत्र की कानून व्यवस्था के लिए भी एक गंभीर चुनौती बन गई थी। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना पर चैनपुर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटनास्थल से जब्त हुआ प्रतिबंधित मांस और अवशेष
मामले की जानकारी मिलते ही चैनपुर पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर कथित मृत प्रतिबंधित मवेशी के शरीर के अवशेष और मांस को जब्त कर लिया गया। मौके पर भीकनगांव एसडीओपी राकेश आर्य के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। पुलिस ने इस मामले में गौवंश वध निषेध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों को भीकनगांव न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- राजा हत्याकांड में खुलासा: मेघालय में पत्नी ने ही कराई हत्या, भाड़े पर बुलाए हत्यारे; सोनम समेत चार गिरफ्तार
घटना के बाद तनावपूर्ण माहौल, झिरन्या बंद का आह्वान
घटना के बाद से अंबाडोचर गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। हिन्दू संगठनों और स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना के विरोध में झिरन्या नगर बंद का आह्वान किया है। इस ऐलान को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है ताकि शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।