खंडवा शहर के मानसिंगका आईमिल चौराहे पर मंगलवार दोपहर मास्टर प्लान के तहत सड़क चौड़ीकरण के दौरान एक मजार हटाने को लेकर भारी हंगामा हो गया। नगर निगम की टीम जब कार्रवाई के लिए पहुंची, तो विरोध में सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। लोगों ने हटाई जा रही हजरत कासमशाह वली की मजार को अपने संरक्षण में लेकर पुनः उसी स्थान पर स्थापित कर दिया। लगातार बढ़ते विरोध को देखते हुए प्रशासन को मौके से अपनी जेसीबी मशीन वापस हटानी पड़ी।
सड़क चौड़ीकरण और मजार का मामला
सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर के अनुसार शहर के विकास के लिए मास्टर प्लान के तहत सड़क का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। इस योजना के दायरे में मजार का आठ से 10 फीट हिस्सा आ रहा है। मजार के ठीक पीछे आईमिल की एक ऊंची दीवार है, जिसे गिराना जरूरी है। दीवार ढहाने के दौरान मलबा मजार पर गिरने से क्षति होने की पूरी आशंका थी। इसी वजह से प्रशासन पहले मजार को स्थानांतरित करने की कार्रवाई कर रहा था, जिससे बाद में दीवार गिराई जा सके। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि असंतुष्ट लोगों को अपनी बात रखने और वार्ता का पूरा अवसर दिया गया है।
ये भी पढ़ें-
भोपाल मास्टर प्लान पर किसानों का गुस्सा: ड्राफ्ट की कॉपी जलाई, बोले- खेती की जमीन का नहीं बदलने देंगे लैंडयूज