फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP News: ज्योतिरादित्य सिंधिया के महल में राष्ट्रपति का शाही स्वागत, ओडिशा और नेपाल के व्यंजन भी परोसे

Thu, 13 Jul 2023 07:29 PM IST
रवींद्र भजनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर

सार

President Droupadi Murmu In Gwalior: ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के महल जय विलास पैलेस में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शाही स्वागत किया गया। जनजातीय नृत्य और संगीत के साथ उनकी अगवानी की गई। म्यूजियम देखने के बाद राष्ट्रपति ने महल में नेपाली और ओडिशा के व्यंजनों का लुत्फ उठाया। 
विज्ञापन
1 of 3
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को कलाकृतियों की जानकारी देते ज्योतिरादित्य सिंधिया। - फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के ग्वालियर स्थित जय विलास पैलेस में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शाही अंदाज में स्वागत किया गया।  सिंधिया राज परिवार के शाही महल में राष्ट्रपति ने करीब ढाई घंटे बिताए। इस दौरान उनके लिए शाही भोज का आयोजन किया गया। 

देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति एवं जनजातीय समुदाय से पहली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ग्वालियर में आईआईटीएम कॉलेज के दीक्षांत समारोह में भाग लिया। उससे पहले उन्होंने एतिहासिक जय विलास पैलेस में ढाई घंटे बिताए। द्रौपदी मुर्मू जय विलास पैलेस में पधारने वाली देश की सातवीं राष्ट्रपति हैं। उन्होंने इस दौरान मध्य प्रदेश की कला-संस्कृति के बारे में जाना। महल का कार्यक्रम केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं उनकी धर्मपत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया की अगुवाई में हुआ। राष्ट्रपति के स्वागत में तीन नृत्यों की प्रस्तुति की गई। भरतनाट्यम, कथक और आदिवासी नृत्य शामिल थे। नृत्य की इस प्रस्तुति का राष्ट्रपति, राज्यपाल मंगु भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मिलकर लुत्फ उठाया। इसके बाद परिसर में स्थापित महाराजा जीवाजी राव सिंधिया की मूर्ति के पास राष्ट्रपति ने दीप प्रज्वलन किया। राष्ट्रपति ने 'मराठा गैलरी' का भ्रमण भी किया। यह वही गैलरी है, जिसका उद्घाटन पिछले वर्ष गृह मंत्री अमित शाह ने किया था। इस गैलरी में राष्ट्रपति ने हिंदवी स्वराज व मराठों के गौरवशाली इतिहास के बारे में जाना।
 

विज्ञापन

2 of 3
ग्वालियर में राष्ट्रपति को अपने हाथों से खाना परोसते सिंधिया। - फोटो : अमर उजाला
25 प्रतिभाशाली बच्चों से मुलाकात
मराठा गैलरी में ही शहर के 25 प्रतिभाशाली बच्चों से राष्ट्रपति ने मुलाकात की। उन्हें स्नेह देते हुए चॉकलेट भी बांटे। यहां वह ‘रौशनी’ नामक एक एनजीओ के दिव्यांग बच्चों से भी मिलीं। राष्ट्रपति ने मध्य प्रदेश के कोने-कोने से आए कलाकारों, शिल्पकारों और कारीगरों से भी मुलाकात की। उन्होंने स्वर्गीय महाराजा माधवराव सिंधिया के समय से चली आ रही चंदेरी कपड़ों के काम को भी देखा। ‘ताना-बाना’ चला रहे कारीगरों से दिल खोलकर बातचीत भी की।
 
प्रदर्शनी में प्रसिद्ध कलाओं को मिली जगह
इस प्रदर्शनी की खासियत यह थी कि मध्य भारत के सभी प्रसिद्ध कलाओं को स्थान दिया गया था। गोंड पेंटिंग से लेकर बाघ प्रिंट, बांस से बनी कलाकृतियां, ग्वालियर के पत्थरों की नक्काशी की भी प्रस्तुति की गई। इस प्रदर्शनी का आयोजन ज्योतिरादित्य सिंधिया की धर्मपत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने किया। प्रियदर्शनी राजे सिंधिया जी आरण्य नामक संस्था भी चलाती हैं। इस संस्था के माध्यम से वह प्रदेश की कला और संस्कृति का संरक्षण सुनिश्चित करने के साथ ही कारीगरों को रोजगार देने का प्रयास कर रही हैं।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

3 of 3
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। - फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रपति के लिए विशेष भोज 
राष्ट्रपति विशेष भोज के लिए सिंधिया परिवार, राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं मध्य प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ शामिल हुईं। भोज में 19 प्रकार के व्यंजन शामिल थे - जिन्हें बनाने के लिए खास इंतजाम किए गए थे। किसी भी व्यंजन में अदरक, लहसुन, प्याज, काला नमक और चाट मसाला नहीं था। राष्ट्रपति की हर पसंद का ख्याल रखा गया। खाने की विशेष बात यह है कि इसमें महाराष्ट्र, ओडिशा और नेपाल के कई विशेष व्यंजन थे। एक तरफ चना दाल थी, तो दूसरी तरफ नेपाली साग। मीठे में गाजर के हलवे के साथ साबूदाना मखाना खीर भी बनी थी, जिसका सबने ने आनंद लिया।  
 
राष्ट्रपति को दो पुस्तकें भेंट की
ग्वालियर घराने के मशहूर संगीतकारों को भी कार्यक्रम के लिए बुलाया गया। कार्यक्रम के अंत में ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी पत्नी ने राष्ट्रपति को दो पुस्तकें भेंट की - ‘सिंधिया, स्वराज एंड मोर’ और ‘हिस्ट्री ऑफ पॉसिबल फ्यूचर्स’। ये किताबें संग्रहालय व सिंधिया रिसर्च सेंटर की टीम ने लिखी हैं। मराठा इतिहास व सिंधिया परिवार के हिंदवी स्वराज के प्रति योगदान पर लिखी गई हैं। 

ग्वालियर विमानतल पर आत्मीय स्वागत
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ग्वालियर के वायुसेना विमानतल पर आत्मीय स्वागत हुआ। राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। विमानतल पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के आगमन पर केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र, जल संसाधन एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर और महापौर शोभा सिकरवार ने भी पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें