कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को मध्य प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाने साधे। उन्होंने कहा कि यदि देश का यह सुनहरा दौर चल रहा है तो आप लोगों के घर क्यों नहीं पहुंचा? उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो हम जातिगत जनगणना करवाएंगे।
दमोह में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि हम जातिगत जनगणना की बात करते हैं। ताकि यह पता चले कि इस देश में ओबीसी वर्ग, अनसूचित जाति और दलित वर्ग के लोग कितने हैं? आप आज देखेंगे कि देश के सभी बड़े मीडिया संस्थान, सभी यूनिवर्सिटी और सभी सरकारी संस्थानों में ओबीसी वर्ग और एससी, एसटी वर्ग का प्रतिनिधित्व नहीं है। जब हम जातिगत जनगणना करने की बात करते हैं और न्याय देने की बात करते हैं तो यह सरकार यह नहीं करना चाहती। वह तो बड़े-बड़े इवेंट कर और मीडिया के माध्यम से आपको बताती है कि हम ओबीसी के लिए, हम दलित के लिए, हम आदिवासियों के लिए काम कर रहे हैं।
समर्थन मूल्य बढ़ाने का भरोसा
प्रियंका ने कहा कि मैं यहां मौजूद सभी लोगों से जानना चाहती हूं कि यह सुनहरा दौर आपकी चौखट तक क्यों नहीं पहुंचा? आप तो गरीब के गरीब हैं। आप अपने जीवन के संघर्षों में जूझ रहे हैं। आपके घरों में और दमोह में आज भी पानी की किल्लत है। आज लोग बुंदेलखंड से पलायन क्यों कर रहे हैं? भाजपा ने 18 साल महिलाओं को बेवकूफ बनाया। चुनाव से दो महीने पहले स्कीम लेकर आ गए लेकिन उनकी झूठ की गारंटी अब नहीं चलने वाली हैं। हमारी गारंटी पर भरोसा करें। कमलनाथ ने 15 महीने में गारंटियां पूरी की। कांग्रेस सरकारों ने हिमाचल, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन लागू की। कांग्रेस की सरकार बनने पर गेहूं का 2600 रुपये और धान का 2500 रुपये समर्थन मूल्य दिया जाएगा।