दमोह रेलवे स्टेशन को विकसित किया जा रहा है। अमृत भारत योजना के तहत दमोह के रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण किया जा रहा है। छह महीने में दमोह रेलवे स्टेशन पर भी अत्याधुनिक सुविधाएं यात्रियों को मिलने लगेंगी। यह स्टेशन भी अब एयरपोर्ट की तरह दिखाई देने लगेगा।
रेलवे स्टेशन पर 25 करोड़ रुपये की लागत से तीन चरणों में काम होना है। पहले एवं दूसरे चरण का काम चल रहा है। इसमें स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को तोड़कर नया आकार दिया जा रहा है। स्टेशन के बाहर दो मुख्य गेट बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा बाहरी आवरण को तोड़कर एयरपोर्ट की तर्ज पर नया लुक दिया जा रहा है। स्टेशन के बाहर नया पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है। चारों ओर से सीसी का कार्य पूरा हो चुका है। पूरे क्षेत्र में लैम्प लगाए जा रहे हैं। यहां दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों को एक साथ पार्क किया जा सकेगा। इधर प्लेटफॉर्म नंबर एक की ऊंचाई बढ़ाने का काम पूरा हो चुका है। अब इसमें लगाए गए मार्बल स्टोन की फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसी तरह प्लेटफॉर्म नंबर एक एवं दो पर भी पुराने फर्श पर लगे मार्बल को उखाड़कर नए मार्बल स्टोन लगाे जा रहे हैं। टीनशेड की लंबाई बढ़ाने के लिए गड्ढे भी खोदे जा चुके हैं।