कैलाश मकवाना ने देर शाम पुलिस महानिदेशक का पद संभाल लिया, हालांकि वे सोमवार, 2 दिसंबर को विधिवत पदभार ग्रहण करेंगे। सुधीर सक्सेना ने अपनी विदाई पर कहा, "मध्यप्रदेश की पुलिस देश की सर्वोत्तम पुलिस है।
विज्ञापन
1 of 2
सेवानिवृत्त होने पर डीजपी सुधीर सक्सेना कैलाश मकवाना को बैटन सौंपते हुए
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना शनिवार, 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में उनकी विदाई परेड का आयोजन किया गया। इस परेड में भोपाल की डीसीपी इंटेलीजेंस, सोनाक्षी सक्सेना ने परेड कमांडर के रूप में अपने पिता सुधीर सक्सेना को सलामी दी। डीजीपी सुधीर सक्सेना ने नवनियुक्त डीजीपी कैलाश मकवाना को पुलिस महानिदेशक की बेटन सौंपकर पदभार सौंपा। कैलाश मकवाना ने देर शाम पुलिस महानिदेशक का पद संभाल लिया, हालांकि वे सोमवार, 2 दिसंबर को विधिवत पदभार ग्रहण करेंगे। सुधीर सक्सेना ने अपनी विदाई पर कहा, "मध्यप्रदेश की पुलिस देश की सर्वोत्तम पुलिस है।" उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए पुलिस बल के समर्पण और सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा चुनौतियों से भरी रही, लेकिन हर कदम पर सहयोग और जनसाधारण की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने मध्यप्रदेश पुलिस के गौरवपूर्ण इतिहास का उल्लेख किया, जिसमें देश की आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने के उदाहरण शामिल हैं&- जम्मू-कश्मीर में कबाईली हमलों से लेकर हैदराबाद ऑपरेशन पोलो, गोवा स्वतंत्रता संग्राम, और पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी कार्यवाही तक।
डीजीपी सुधीर सक्सेना सेवानिवृत् होने पर सलामी परेड के कार्यक्रम में
- फोटो : अमर उजाला
अपराधों पर नियंत्रण और नक्सलियों पर कार्रवाई
डीजीपी ने यह भी बताया कि मध्यप्रदेश में अपराधों की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। खासतौर पर महिलाओं और अनुसूचित जाति-जनजाति के खिलाफ अपराधों में कमी आई है। इसके साथ ही सनसनीखेज अपराधों का सफलतापूर्वक समाधान किया गया। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस की प्रभावी कार्रवाई की भी सराहना की, जिसमें ढाई वर्षों में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या पिछले 25 वर्षों की तुलना में अधिक रही।
नए डीजीपी कैलाश मकवाना को शुभकामनाएं
सुधीर सक्सेना ने नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना को बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश पुलिस नई ऊंचाइयों को छुएगी। विदाई परेड के बाद, डीजीपी सक्सेना पुलिस मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कैलाश मकवाना को बेटन सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।
कैलाश मकवाना डीजीपी के रूप में संभालेंगे चार्ज
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी कैलाश मकवाना को मध्य प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी मकवाना वर्तमान में मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष हैं। उन्होंने भोपाल से बीई और दिल्ली आईआईटी से एमटेक की डिग्री हासिल की है। मकवाना ने एएसपी के रूप में दुर्ग और मुरैना में सेवा दी है। इसके अलावा, उन्होंने दंतेवाड़ा, बस्तर, मंदसौर और बैतूल जैसे संवेदनशील जिलों में एसपी के रूप में काम किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण उन्हें इंटेलिजेंस शाखा में डीआईजी और बाद में एडीजी के पद पर नियुक्त किया गया। स्पेशल डीजी सीआईडी के रूप में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है।
मकवाना का करियर तबादलों से भरा रहा है। 2019 से 2022 के बीच उनका सात बार तबादला हुआ, लेकिन उन्होंने हर नई जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाया। उनके नेतृत्व कौशल और तकनीकी दक्षता ने उन्हें एक कुशल प्रशासक के रूप में स्थापित किया है। पदभार ग्रहण करने के बाद, मकवाना से प्रदेश में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने और पुलिसिंग में नवाचार लाने की उम्मीदें हैं। उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए यह माना जा रहा है कि वे अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी दक्षता से निभाएंगे।