फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhopal Iztima News: सजने लगीं रुहानी महफिलें, सबकी भलाई की ताकीद के साथ शुरू हुआ चार दिनी आलमी इज्तिमा

Fri, 29 Nov 2024 01:52 PM IST
उदित दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भाेपाल

सार

राजधानी भोपाल का ईंटखेड़ी इलाका एक बड़े इज्तिमागाह में तब्दील है। शुक्रवार सुबह फजिर की नमाज के बाद शुरू हुआ बयान और तकरीर का दौर अब सतत चार दिन तक चलता रहेगा।
विज्ञापन
1 of 3
भोपाल में इज्तिमा की शुरुआत। - फोटो : अमर उजाला
अल्लाह की फरमा बरदारी... सबके लिए अच्छे ख्याल... लोगों की मदद के लिए तत्परता... नमाज की पाबंदी और पैगंबर हजरत मुहम्मद सअस के बताए रास्तों पर चलकर दुनिया और आखिरत की कामयाबी पाना... जिंदगी का यह उसूल रखा जाएगा, तो निश्चित तौर पर हमारा दुनिया में आने का मकसद पूरा माना जाएगा। मजहबी समागम, बातों, बयानों से इसी बात की मेहनत की जा रही है। इज्तिमा के जोड़ भी इसीलिए किए जाते हैं। दुनिया की भीड़ में बैठकर, दुनिया की बातों को दरकिनार रखना इन इज्तिमा का एक अहम शगल है।




राजधानी भोपाल का ईंटखेड़ी इलाका एक बड़े इज्तिमागाह में तब्दील है। शुक्रवार सुबह फजिर की नमाज के बाद शुरू हुआ बयान और तकरीर का दौर अब सतत चार दिन तक चलता रहेगा। सुबह फजिर की नमाज के बाद, दोपहर में खानपान और जौहर की नमाज से फारिग होने के बाद यहां खास बयान होंगे। शाम को मगरिब की नमाज के बाद मजमा ए खास जुटेगा, जिसे दिल्ली मरकज से आए मौलाना सआद साहब कांधलवी संबोधित करेंगे। शहर के वह लोग, जो अपनी दिनभर की कामकाजी मसरूफियत में रहते हैं, वे शाम की इस महफिल में जरूर शामिल होते हैं। 
विज्ञापन

2 of 3
भोपाल में इज्तिमा की शुरुआत। - फोटो : अमर उजाला
शुरुआत जुमेरात से 
आलमी तबलीगी इज्तिमा का विधिवत प्रोग्राम शुक्रवार को सुबह हुई। लेकिन, इससे पहले इज्जिमगाह पर पहुंच चुकी बड़ी तादाद में जमातों के लिए जुमेरात शाम को भी बयान की महफिल सजी। राजधानी के मौलाना अब्दुल मालिक साहब ने इस मजमे को संबोधित किया। 

जुमा की नमाज में लाखों शामिल
इज्तिमा के पहले दिन शुक्रवार को इज्तिमागाह पर हजारों जमाते मौजूद हैं। इनकी मौजूदगी में नमाज ए जुमा की अदायगी दोपहर 1.30 बजे की जाएगी। नमाज से पहले जुमा का खुतबा भी हुआ। बड़ी तादाद में शहरवासी भी जुमा अदा करने इज्तिमागाह पहुंचेगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन

3 of 3
भोपाल में इज्तिमा की शुरुआत। - फोटो : अमर उजाला
होंगे सैंकड़ों निकाह 
इज्तिमा के पहले दिन शुक्रवार को इज्तिमागाह पर सैंकड़ों निकाह होंगे। महंगी शादियों की सामाजिक बुराई को रोकने की मंशा के साथ किए जाने वाले इस आयोजन के दौरान पूरी तरह सादगी का ख्याल रखा जाता है। न बैंड बाजा, न बारात और आतिशबाजी। जानकारी के मुताबिक इस साल निकाह की तादाद 350 से ज्यादा है। इनमें करीब 100 से ज्यादा निकाह भोपाल के ही बाशिंदों के हैं। 

पाकिस्तान को कभी नहीं मिली इज़्तिमा में जगह
आजादी से पहले भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश का संयुक्त इज़्तिमा हुआ करता था। लेकिन, 1947 में बंटवारे के बाद से बांग्लादेश का अलग इज़्तिमा होने लगा। पाकिस्तान की जमाते इसी का हिस्सा बनती हैं। 77 बरस के इज़्तिमा इतिहास में भारत के इज्तिमा में कभी पाकिस्तान को जगह नहीं दी गई। पाकिस्तान और बांग्लादेश के अलावा करीब 15 मुल्कों के 150 से अधिक जमाती शामिल हुए हैं। इनमें म्यांमार, मोरक्को, ईराक, यूके, सिंघाई, USA, थाईलैंड, बांग्लादेश, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, केनिया, तनिसिया, फ्रांस, इजिप्ट, सूडान, उज़्बेकिस्तान, मलेशिया, जर्मनी, सऊदी अरब, क्रिजिस्तान आदि के नागरिक शामिल हैं। 

झलकियां 
  • शुक्रवार सुबह से शुरू होने वाले इज्तिमा के लिए अधिकतम जमातें गुरुवार शाम तक इज़्तिमागाह पहुंच चुकी थीं। इज्तिमा में 4 दिन रुकने वाले शहरवासियों ने भी रात को ही इज्तिमागाह का रुख करना शुरू कर दिया था।
  • भोपाल टॉकीज से लेकर इज़्तिमागाह तक यातायात व्यवस्था वालेंटियर्स ने सम्हाल ली है। कुछ मुख्य चौराहों पर पुलिस जवान भी इनका सहयोग कर रहे हैं।
  • रेलवे स्टेशन, नादरा बस स्टैंड के अलावा भोपाल टॉकीज, डीआईजी बंगला, करोंद आदि जगहों पर इस्तकबाल कैंप लगाए गए हैं। जहां से इज़्तिमागाह तक निशुल्क वाहन व्यवस्था की गई है। यहां से सफर करने वाले जमातियों के लिए चाय, पानी, वजू, नमाज और आराम के इंतजाम भी इन इस्तकबाल कैंप में किए गए हैं।
  • शहर से इज़्तिमागाह तक पहुंच मार्गों पर जमातियों के स्वागत के पोस्टर लगाए गए हैं। सियासी, सामाजिक और अन्य लोगों ने यह पोस्टर लगाए हैं।
  • काजी कैंप से नबी बाग तक मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए बेरीकेट्स लगाए गए थे। जिन्हें यातायात सुविधा के लिहाज से हटाया जा रहा है।
  • काजी कैंप पर फैले दुकानों के अतिक्रमण लोगों ने स्वेच्छा से हटा लिए हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें