मध्यप्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश कार्यालय में नेताओं के साथ माल्यार्पण
दिन के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, बिप्लब कुमार देब, रेखा वर्मा और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी कार्यालय में मौजूद रहे। नई संगठन टीम के प्रमुख चेहरों की एक साथ मौजूदगी के बीच आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी नेताओं के बीच संवाद हुआ।
संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर जोर
बिप्लब कुमार देब ने कहा कि वह और रेखा वर्मा मिलकर मध्यप्रदेश में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के लिए काम करेंगे। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन की टीम जिन कार्यों को आगे बढ़ा रही है, उसमें सहयोग करना उनका लक्ष्य है। देब ने कहा कि उन्होंने हनुमानजी के दर्शन किए हैं। जिस तरह हनुमानजी ने रामराज्य की स्थापना के लिए काम किया, उसी भावना के साथ आगे बढ़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति यानी अंत्योदय तक पहुंचना उनकी प्राथमिकता है।
ये भी पढ़ें-
भोपाल: आदेश खामरा को दोहरा उम्रकैद, ट्रक लूटने के लिए ड्राइवर-क्लीनर की हत्या, आठ साल बाद आया फैसला
रेखा वर्मा बोलीं- संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करेंगे
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश की सह प्रभारी रेखा वर्मा ने प्रदेश की जिम्मेदारी दिए जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने के लिए काम किया जाएगा। रेखा वर्मा ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सरकार और संगठन के बीच समन्वय के साथ काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और सरकार के काम को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सभी मिलकर काम करेंगे।
विजयवर्गीय को इशारे से पास बुलाया, कुछ देर हुई बातचीत
प्रदेश भाजपा कार्यालय में बुधवार को पार्टी नेताओं के स्वागत और प्रतिमा माल्यार्पण के दौरान एक अलग दृश्य भी नजर आया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल एक ही वाहन से पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान दोनों नेता कुछ दूरी पर खड़े थे। इसी बीच दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब की नजर विजयवर्गीय पर पड़ी। देब ने इशारे से उन्हें अपने पास बुलाया। विजयवर्गीय उनके पास पहुंचे और दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद देब पार्टी के अन्य नेताओं के साथ निर्धारित बैठक में शामिल हो गए।
कोर कमेटी की बैठक में ये नेता रहे मौजूद
भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब शामिल हुए। बैठक में सह प्रभारी रेखा वर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला भी मौजूद रहे। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल और संपतिया उइके, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, फग्गन सिंह कुलस्ते और लता वानखेड़े तथा आंध्रप्रदेश के प्रदेश प्रभारी अरविंद भदौरिया ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
1 अक्टूबर को संगठन की अहम बैठक
अब नई टीम का अगला फोकस प्रदेश संगठन की बैठक पर रहेगा। बिप्लब कुमार देब और रेखा वर्मा 1 अक्टूबर को सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में प्रदेश संगठन के आगामी कार्यक्रमों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इससे पहले रेखा वर्मा सुबह 10 बजे बोर्ड ऑफिस चौराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। नई टीम के सामने प्रदेश संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय रखने, सरकार और संगठन के बीच समन्वय बढ़ाने तथा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की चुनौती रहेगी।