मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दुबई यात्रा के पहले दिन ही मध्यप्रदेश में विदेशी निवेश की संभावनाओं को लेकर बड़ी सकारात्मक शुरुआत देखने को मिली। दुबई में आयोजित एक विशेष निवेशक संवाद में इंदौरी इंटरनेशनल बिजनेस नेटवर्क (IIBN) के 25 से अधिक CEO और 15 से ज्यादा प्रवासी उद्यमियों ने मध्यप्रदेश में निवेश के प्रस्ताव प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार प्रवासी भारतीयों को निवेश के लिए हरसंभव सहयोग और अनुकूल वातावरण देगी। दुबई में स्थित ताज होटल में हुए इस कार्यक्रम में IIBN के सदस्यों ने बताया कि यूएई में 750 से अधिक सदस्य कार्यरत हैं, जिनमें व्यापारी, डॉक्टर, इंजीनियर, बैंकर्स और शिक्षाविद शामिल हैं। कार्यक्रम में अजय कसलीवाल, प्रेम भाटिया, अंजू भाटिया, निलेश जैन, मनोज झारिया, नसीर खान और अमित श्रीनिवास ने मुख्यमंत्री को विस्तार से निवेश योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'Madhya Pradesh Global Dialogue 2025' के अंतर्गत आज दुबई में इंदौरी इंटरनेशनल बिजनेस नेटवर्क (IIBN) के सम्मानित सदस्यों के साथ मध्यप्रदेश में निवेश की असीम संभावनाओं, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और परस्पर सहयोग के अवसरों पर विस्तार से संवाद किया। अत्यंत प्रसन्नता हुई कि IIBN के प्रतिनिधियों ने अपने मूल नगरों से पुनः जुड़ने की गहरी इच्छा व्यक्त की और भोपाल, देवास, उज्जैन, धार, पीथमपुर जैसे शहरों में व्यवसाय स्थापित करने में गहरी रुचि दिखाई है। भारत के 'हृदय प्रदेश' में वैश्विक उद्योग जगत का हार्दिक अभिनंदन!