इसके पहले, मौलाना कल्बे सादिक के बेटे कल्बे सिब्तैन सहित दस नामजद व सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ शनिवार को ठाकुरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक मौलाना के बेटे के साथ सैकड़ों लोग सीएए व एनआरसी के खिलाफ अवैध तरीके से चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इससे इलाके में यातायात बाधित हुआ। वहीं, धारा 144 का उल्लंघन होने के साथ सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की गई, जिससे बलवा होने की आशंका थी। पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है। प्रदर्शन के दौरान सपा की नेता व जामिया के छात्र समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
एडीसीपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक कुछ महिला संगठन व महिलाएं 17 जनवरी से बिना प्रशासन की अनुमति के अवैध रूप से सीएए व एनआरसी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। 24 जनवरी की शाम 6 बजे अचानक प्रदर्शन स्थल पर सैकड़ों लोग झुंड बनाकर हाथों में डंडा लेकर पहुंचे और सीएए व एनआरसी का विरोध करने लगे। इनका नेतृत्व आदिल नसीम सिद्दीकी, शेख ताहिर, कल्बे सिब्तैन, मो. अनस, लईक हसन, अरसद आलम खान, मो. यामीन, मो. अकरम, कय्युम व नेता सफात कर रहे थे।